घने कोहरे के बीच पिकअप और टेंपो में जोरदार टक्कर, 2 लोग गंभीर रूप से घायल
जिले में ठंड के साथ कोहरे का असर बढ़ने लगा है। गुरुवार की सुबह घने कुहासे के कारण अरवल-जहानाबाद मुख्य सड़क पर पिकअप और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में टेंपो चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जहानाबाद : जिले में ठंड के साथ कोहरे का असर बढ़ने लगा है। गुरुवार की सुबह घने कुहासे के कारण अरवल-जहानाबाद मुख्य सड़क पर पिकअप और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में टेंपो चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल जहानाबाद पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान गया जिले के सिमरौका, सरबहदा गांव निवासी बबन कुमार और संजय कुमार के रूप में की गई है।
बबन कुमार टेंपो चालक हैं, दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं
बताया जाता है कि बबन कुमार टेंपो चालक हैं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की स्थिति अधिक नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना जीएमसी रेफर करने की तैयारी की जा रही थी। गौरतलब है कि गुरुवार की सुबह से ही जिले में घना कोहरा छाया हुआ था। सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई थी। सुबह से ही कोहरे के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसी बीच कुछ ही देर बाद पिकअप और टेंपो की भिड़ंत की सूचना मिली।
दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है
हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि कम दृश्यता हादसे की एक वजह हो सकती है। ठंड की दस्तक के साथ ही जिले में कोहरे का प्रभाव बढ़ने लगा है। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। वाहन चालकों से अपील है कि कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं, पर्याप्त दूरी बनाए रखें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट














