भोजपुरी गानों में जातिगत वर्चस्व और हिंसा के प्रचार पर भोजपुर पुलिस सख्त, टुनटुन यादव समेत 45 पर प्राथमिकी
भोजपुरी गानों के जरिए जातिगत वर्चस्व, दबंगई और हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप में भोजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में चर्चित भोजपुरी गायक टुनटुन यादव समेत 45 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

आरा: भोजपुरी गानों के जरिए जातिगत वर्चस्व, दबंगई और हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप में भोजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में चर्चित भोजपुरी गायक टुनटुन यादव समेत 45 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे छह विवादित गानों को चिह्नित करते हुए उनके निर्माण और प्रसारण से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि चिह्नित गानों के माध्यम से कथित तौर पर जातिगत दबदबा, रंगदारी और हिंसक मानसिकता को बढ़ावा दिया जा रहा था। मामले में सिर्फ गायकों को ही नहीं, बल्कि गीतकारों, रिकॉर्डिंग स्टूडियो संचालकों और सोशल मीडिया पर गानों को प्रसारित करने वालों को भी आरोपित बनाया गया है। प्राथमिकी में टुनटुन यादव के अलावा जिद्दी बाय चंदन, मिथिलेश राजा, बसंत सिंह, अजीत सिंह कुशवाहा, गोल्डी यादव, खुशबू राज, उज्ज्वल कुंवर, प्रियंका भास्कर, सृष्टि भारती और राजा अविनाश समेत कई नाम शामिल हैं। वहीं, सूरज सोनालिका, हरेराम अकेला, सुनील सागर और जेपी राहुल सहित कई गीतकारों को भी नामजद किया गया है।
स्टूडियो और सोशल मीडिया अकाउंट भी रडार पर
पुलिस की कार्रवाई का दायरा रिकॉर्डिंग स्टूडियो तक पहुंचा है। सिद्धार्थ स्टूडियो, शंकराय स्टूडियो, कालिका स्टूडियो, कुंवर स्टूडियो, गंगा स्टूडियो और जागृति स्टूडियो समेत कई संस्थानों के नाम प्राथमिकी में शामिल किये गये हैं। इसके अलावा आठ इंस्टाग्राम अकाउंट और एक यूट्यूब चैनल को भी जांच के दायरे में लिया गया है। इनमें जिद्दी ब्वाय चंदन ऑफिशियल नाम का यूट्यूब चैनल भी शामिल बताया गया है। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे वीडियो और रील्स मिले हैं, जिनमें विवादित गानों के साथ हथियारों का प्रदर्शन, धमकी और जातिगत दबदबा दिखाने की कोशिश किये जाने का आरोप है। पुलिस का मानना है कि मनोरंजन के नाम पर इस तरह की सामग्री का प्रसार युवाओं के बीच गलत संदेश देने के साथ सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित कर सकता है।
साइबर पुलिस कर रही मामले की जांच
भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि साइबर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि विवादित गानों को लिखने, गाने, रिकॉर्ड करने और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने में किसकी क्या भूमिका रही है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भोजपुरी संगीत जगत में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गयी है।
आरा से दीपक की रिपोर्ट














