जर्जर भवन, रंगरोगन और नए कमरों की जरूरत का होगा आकलन
सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनाने के उद्देश्य से ऑपरेशन कायाकल्प अभियान को गति देने की पहल की गई है।

फुलवरिया (गोपालगंज) : सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनाने के उद्देश्य से ऑपरेशन कायाकल्प अभियान को गति देने की पहल की गई है। इसको लेकर बुधवार को बीआरसी कार्यालय के सभागार में बीडीओ सह प्रभारी बीईओ मनीष कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत विद्यालयों की रूपरेखा बदलने तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
विद्यालयों की जरूरतों के अनुरूप सूची तैयार कर उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित विद्यालयों को ऑपरेशन कायाकल्प अभियान से जोड़कर विकास कार्यों को गति दी जा सके
बैठक के दौरान बीईओ ने सभी प्रधानाध्यापकों को अपने-अपने विद्यालयों की वर्तमान स्थिति का आकलन कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसमें जर्जर भवन, रंगरोगन की स्थिति, विद्यालय में उपलब्ध कमरों की संख्या व नए कमरों की आवश्यकता से संबंधित विवरण शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की जरूरतों के अनुरूप सूची तैयार कर उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित विद्यालयों को ऑपरेशन कायाकल्प अभियान से जोड़कर विकास कार्यों को गति दी जा सके। इससे विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने के साथ विद्यार्थियों को सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
फुलवरिया (गोपालगंज) से संदीप कुमार की रिपोर्ट














