पटना सहित बिहार के अलग-अलग जिलों में CEC और SIR के खिलाफ महागठबंधन का विरोध प्रदर्शन
बिहार में चल रहे एसआईआर अभियान, कथित वोट चोरी, चंदा चोरी एवं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज यानी आठ अक्टूबर को राजधानी पटना सहित बिहार के अलग-अलग जिलों में इंडिया गठबंधन की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है।

जहानाबाद/बेतिया : बिहार में चल रहे सघन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान, कथित वोट चोरी, चंदा चोरी एवं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज यानी आठ अक्टूबर को राजधानी पटना सहित बिहार के अलग-अलग जिलों में इंडिया गठबंधन की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है। एसआईआर के मुद्दे और चुनावी प्रक्रिया को लेकर इंडिया गठबंधन के आह्वान पर गुरुवार को जहानाबाद में आक्रोश मार्च निकाला गया। मार्च में इंडिया गठबंधन में शामिल विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
आक्रोश मार्च अरवल मोड़ से शुरू हुआ और शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा
आक्रोश मार्च अरवल मोड़ से शुरू हुआ और शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते रहे। अंबेडकर चौक पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतलों का दहन किया गया।
SIR के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है - प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने और इस्तीफा देने की मांग की। नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया को लेकर उनका विरोध जारी रहेगा। मार्च में राजद के जिला अध्यक्ष महेश ठाकुर, राजद नेता शशि रंजन उर्फ पप्पू यादव, युवा नेता शैलेश कुमार यादव सहित इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम का नेतृत्व गठबंधन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया
कार्यक्रम का नेतृत्व गठबंधन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कहा कि यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।
बेतिया में SIR में गड़बड़ी के आरोप पर महागठबंधन का मार्च, CEC के खिलाफ नारेबाजी
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए महागठबंधन में शामिल विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बगहा में मार्च निकाला। मार्च बगहा रेलवे स्टेशन से शुरू होकर अनुमंडल मुख्यालय के समीप स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सीईसी के इस्तीफे और कार्रवाई की मांग की।

पूर्व विधायक वीरेंद्र गुप्ता ने चुनाव आयोग पर केंद्र सरकार के निर्देश पर काम करने का आरोप लगाया
मार्च में शामिल माले नेता एवं सिकटा के पूर्व विधायक वीरेंद्र गुप्ता ने चुनाव आयोग पर केंद्र सरकार के निर्देश पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए और उन्हें मताधिकार से वंचित किया गया। उन्होंने कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष नरेश राम ने CEC पर संविधान के साथ धोखा करने का आरोप लगाया
वहीं, कांग्रेस जिला अध्यक्ष नरेश राम ने सीईसी पर संविधान के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने एसआईआर के दौरान जीवित लोगों को मतदाता सूची में मृत घोषित किए जाने का दावा किया। साथ ही उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के खातों में राशि भेजे जाने को लेकर भी सवाल उठाए और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
जहानाबाद व बेतिया से बरुण कुमार और परवेज आलम की रिपोर्ट













