INDIA गठबंधन का 'महा हल्लाबोल', PM, शाह व ज्ञानेश का पुतला फूंका, कहा - CEC को जेल भेजो
बिहार में चल रहे सघन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान, कथित वोट चोरी, चंदा चोरी एवं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज जमुई में इंडिया गठबंधन का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा।

जमुई : बिहार में चल रहे सघन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान, कथित वोट चोरी, चंदा चोरी एवं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज जमुई में इंडिया गठबंधन का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। जमुई के कचहरी चौक पर महागठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
महागठबंधन की एकजुटता दिखी, पुलिस रही तैनात
यह प्रदर्शन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित किया गया था। इस मौके पर इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD), कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी (VIP), भाकपा-माले समेत तमाम दलों के नेता, मंत्री और कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कचहरी चौक पर जुटे थे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर था। किसी भी तरह की भगदड़, विधि-व्यवस्था की समस्या या असामाजिक तत्वों द्वारा किसी भी हरकत पर नजर रखने के लिए जमुई पुलिस प्रशासन की बड़े पैमाने पर तैनाती की गई थी। पुलिस जवानों ने पूरे कार्यक्रम पर पैनी नजर रखी, जिसके कारण प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।
पूर्व RJD प्रत्याशी शमशाद आलम का बड़ा आरोप
इस मौके पर जमुई के पूर्व राजद प्रत्याशी मो. शमशाद आलम ने मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज का यह पुतला दहन कार्यक्रम वोट चोरी, एसआईआर और चंदा चोरी के विरोध में किया गया है। इस पुतला दहन में तीन चेहरों को शामिल किया गया है। उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वोट चोरी का आरोप है, गृह मंत्री अमित शाह पर चंदा चोरी का आरोप है। वहीं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर फ्रॉड और फर्जी तरीके से सरकार बनवाने का आरोप है। शमशाद ने आगे कहा कि हम सबों की एक ही मांग है कि ज्ञानेश को तत्काल जेल भेजा जाए और बाकी दोनों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। जब तक इन पर कार्रवाई नहीं होती, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष त्रिवेणी यादव बोले- फर्जी तरीके से बनी है सरकार
वहीं इस अवसर पर राजद जिलाध्यक्ष त्रिवेणी यादव एवं चकाई विधायक प्रतिनिधि विजय शंकर यादव ने भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। दोनों नेताओं ने कहा कि केंद्र की सरकार फर्जी तरीके से अपनी सरकार बनाने का काम कर रही है, जिसका हम सभी महागठबंधन के साथी पुरजोर विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि कि यह विरोध पुतला दहन कार्यक्रम नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे बिहार में गठबंधन के तमाम साथियों द्वारा किया जा रहा है। हम सभी की एक ही मांग है कि लोकतंत्र के हत्यारे ज्ञानेश कुमार को फांसी दो और नहीं तो कम से कम जेल भेजने का काम करो।
मोदी, शाह व ज्ञानेश का किया पुतला दहन
इसी विरोध में आज जमुई के कचहरी चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं सीईसी ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया है। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वोट की चोरी और लोकतंत्र पर हो रहे हमले के खिलाफ उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में राजद, कांग्रेस, वीआईपी और भाकपा-माले के प्रखंड अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, युवा कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट













