चेन स्नैचरों का आतंक, बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपटी
जमुई शहर में बढ़ते अपराध के बीच चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। ताजा मामला शहर के व्यस्ततम बोधवन तालाब इलाके का है, जहां बाइक सवार दो उचक्कों ने बीच बाजार एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।

जमुई : जमुई शहर में बढ़ते अपराध के बीच चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। ताजा मामला शहर के व्यस्ततम बोधवन तालाब इलाके का है, जहां बाइक सवार दो उचक्कों ने बीच बाजार एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। यह घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे लिबर्टी शोरूम के पास हुई। व्यस्त बाजार में हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता की पहचान सदर अस्पताल के समीप महिसौड़ी मोहल्ला निवासी स्वर्गीय अधिवक्ता सुधीर श्याम की पत्नी अनिता कुमारी के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
अनिता कुमारी के मुताबिक, वह रोज की तरह सोमवार शाम मोहल्ले की अन्य महिलाओं के साथ बोधवन तालाब चौक टहलने गई थीं। वहां से सभी महिलाएं पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान लिबर्टी शोरूम के पास पीछे से FZ बाइक पर सवार दो युवक आए और पीछे बैठे युवक ने उनके गले से चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार में फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची।
शहर में बढ़ रहा है अपराध
पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। बता दें कि पिछले छह से सात महीनों में जमुई शहर में चेन स्नैचिंग की कई घटनाएं सामने आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक सवार बदमाश भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। शाम के समय बाजार में इस तरह की घटनाओं से लोगों में काफी दहशत है। बोधवन तालाब जैसे पॉश इलाके में हुई इस घटना के बाद पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट










