युवती से दरिंदगी की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने दर्ज किया मामला
गोपालगंज क़े सिधवलिया थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

गोपालगंज क़े सिधवलिया थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बुचिया गांव निवासी स्व. जगदीश मांझी के पुत्र विवेक कुमार पासवान के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 18 अगस्त 2026 की है। सूचना मिलते ही सिधवलिया थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच-पड़ताल की। साक्ष्यों को वैज्ञानिक तरीके से जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को मौके पर बुलाया गया,और घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पीड़िता को चिकित्सीय जांच और उपचार के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेजा गया।
मामले में 19 अगस्त 2026 को सिधवलिया थाना कांड संख्या 178/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर नामजद अभियुक्त विवेक कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
वहीं इस मामले में सदर एसडीपीओ टू राजेश कुमार ने कहा कि मामले में आवश्यक साक्ष्यों का संकलन तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। इस गंभीर मामले का स्पीडी ट्रायल चलाकर अभियुक्त को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की तैयारी है. गिरफ्तार आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट











