दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा सख्त, शहर में पांच विशेष गश्ती दल तैनात
आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों के अवसर पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए गोपालगंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी है।

गोपालगंज: आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों के अवसर पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए गोपालगंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी है। आमजन की सुरक्षा, आपराधिक घटनाओं पर लगाम और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर शहर में विशेष गश्ती और चेकिंग व्यवस्था लागू की गई है। इसके लिए 5 विशेष गश्ती दलों का गठन कर उन्हें निर्धारित रूटों पर लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
गश्ती दल भीड़-भाड़ वाले इलाकों, सर्राफा दुकानों, बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, बैंकों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष चौकसी रखेंगे। पुलिस टीम दुकानदारों से सुरक्षा स्थिति की जानकारी लेगी, सुझाव देगी और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग करेगी। इसके लिए एक संपर्क/हाजिरी रजिस्टर भी मेंटेन किया जाएगा। ब्रह्मस्थान चौक और आसपास के संवेदनशील बाजार क्षेत्र में दो पुलिसकर्मियों की विशेष पैदल गश्ती लगाई गई है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए दुकानदारों व आमजन को डायल-112 के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा।
निर्धारित 5 गश्ती रूट:
रूट 01: मोनिया चौक → ब्रह्मस्थान चौक → घोष मोड़ → मोनिया चौक | ब्रह्मस्थान चौक → थाना चौक।
रूट 02: मोनिया चौक → यादोपुर चौक → लखपतिया मोड़ → करड़िया चौक।
रूट 03: पोस्ट ऑफिस चौक → चंद्रगोखुल रोड → जंगलिया मोड़ → श्याम सिनेमा रोड → जंगलिया मोड़ → अंबेडकर चौक।
रूट 04: पोस्ट ऑफिस चौक → बंजारी मोड़ → थावे बंजारी बाईपास गोलंबर → खाना खजाना रेस्टोरेंट → तुरकाहा ढाला।
रूट 05: अंबेडकर चौक → कौशल्या चौक → तुरकाहा पुल → चौराउँ द्वार-चौराकुट्टी मोड़ (स्टेशन रोड) → विष्णु शुगर मिल → डी०ए०वी० स्कूल → हॉस्पीटल मोड़ → गोपालगंज स्टेशन।
गश्ती दल को आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पूरी व्यवस्था का पर्यवेक्षण वरीय पुलिस अधिकारी करेंगे और गश्ती दल की दैनिक रिपोर्ट थाना प्रभारी के माध्यम से उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। त्योहारों के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता होगी।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट










