भागलपुर जेल से रिहा हुआ कुख्यात, पुलिस प्रशासन अलर्ट
जिले के एक कुख्यात और चर्चित अपराधी विशाल सिंह को आज भागलपुर जेल से रिहाई मिल गई है। इस हाई-प्रोफाइल रिहाई के बाद से पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो चुका है।

गोपालगंज: जिले के एक कुख्यात और चर्चित अपराधी विशाल सिंह को आज भागलपुर जेल से रिहाई मिल गई है। इस हाई-प्रोफाइल रिहाई के बाद से पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपालगंज के तत्कालीन एसपी मनोज तिवारी के कार्यकाल के दौरान इस अपराधी की गिरफ्तारी बिहार एसटीएफ की टीम और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इसकी गिरफ्तारी यूपी के देवरिया जिले के भवानी छापर के पास से की गई थी। विशाल सिंह पर हत्या, रंगदारी, अपहरण और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज थे। अपने आपराधिक कृत्यों के चलते वह लंबे समय से सलाखों के पीछे बंद था। उसकी रिहाई की खबर सामने आते ही जहां स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है, वहीं पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।
कुख्यात अपराधी विशाल सिंह मूल रूप से गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव का रहने वाला है। उसके आपराधिक इतिहास और प्रभाव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
इस मामले पर गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि जिले में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। जो लोग मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उन्हें पुलिस से कोई परेशानी नहीं होगी, लेकिन जो लोग दोबारा अपराध करेंगे, वे सीधे जेल जाएंगे। पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर उसके गृह क्षेत्र और आसपास के इलाकों में खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया है ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में बनी रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट, कुमार प्रदीप, गोपालगंज













