बगहा में बिजली संकट, दर्जनों गांवों में 18 घंटे बिजली गुल, ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन, भेदभाव का लगाया आरोप
बड़ी ख़बर पश्चिम चंपारण ज़िला से आ रही है, जहां बगहा में बिजली संकट अब लोगों के सब्र का इम्तिहान लेने लगा है। नाराज़ उपभोक्ताओं ने एकजुट होकर बिजली विभाग के खिलाफ़ मोर्चा खोल दिया है।
बड़ी ख़बर पश्चिम चंपारण ज़िला से आ रही है, जहां बगहा में बिजली संकट अब लोगों के सब्र का इम्तिहान लेने लगा है। नाराज़ उपभोक्ताओं ने एकजुट होकर बिजली विभाग के खिलाफ़ मोर्चा खोल दिया है। दरअसल सेमरा ग्रिड से जुड़े दर्जनों गांव पिछले करीब 15-18 घंटे से अंधेरे में डूबे हैं। लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज़ उपभोक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
लोगों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली काटी जा रही है, जबकि शहर की तुलना में ग्रामीण इलाकों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। वहीं लो वोल्टेज से भी परेशानी बढ़ गईं है। बताया जा रहा है की बगहा के सेमरा ग्रिड से जुड़े सेमरा, बोरवल, सिधाव, पंचगावा, चमवलिया बैराटी समेत दर्जनों गांवों में गुरुवार दोपहर से हीं बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है।
करीब 15-16 घंटे बीत जाने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच घरों में अंधेरा छाया है, वहीं पेयजल आपूर्ति प्रभावित है और मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं जबकि खेती किसानी औऱ पटवन के लिए मोटर भी नहीं चल पा रहें हैं। लिहाजा बिजली संकट से नाराज़ उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सेमरा ग्रिड के कर्मियों की लापरवाही और मनमानी के कारण बार-बार बिजली काटी जाती है। उनका कहना है कि बिजली कटौती की कोई पूर्व सूचना भी नहीं दी जाती, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इधर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि शहरी क्षेत्रों की अपेक्षा ग्रामीण इलाकों में अधिक बिजली कटौती की जाती है। इसे लेकर उपभोक्ताओं में भेदभाव की भावना गहराती जा रही है। नाराज़ लोगों ने सेमरा के जूनियर इंजीनियर की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं और व्यवस्था में अविलम्ब सुधार की मांग की है।
सबसे बड़ी बात है कि एकजुट ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द बिजली आपूर्ति नियमित रूप से बहाल नहीं की गई और लगातार हो रही कटौती पर रोक नहीं लगी, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल लोग बिजली विभाग से तत्काल आपूर्ति बहाल करने और नियमित बिजली देने की मांग कर रहे हैं।
बता दें कि बगहा शहर से सटे दर्जनों गावों में करीब 15-16 घंटे से बिजली गुल होने के कारण लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विभाग की लापरवाही से दर्जनों गांव अंधेरे में डूबे हैं जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अब देखना होगा कि बिजली विभाग कब तक बगहा के ग्रामीण इलाकों में विधुत आपूर्ति बहाल कर लोगों को राहत देता है।
बगहा से परवेज आलम की रिपोर्ट
Trending News