दोस्तों ने घर से बुलाकर कर दी युवक की हत्या, सिर में मारी गोली
भगवानपुर। थाना क्षेत्र के बघैला बहियार के पास शुक्रवार रात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान भरडीहा गांव निवासी साजन कुमार उर्फ गोलू 18 वर्ष के रूप में हुई है।

भगवानपुर। थाना क्षेत्र के बघैला बहियार के पास शुक्रवार रात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान भरडीहा गांव निवासी साजन कुमार उर्फ गोलू 18 वर्ष के रूप में हुई है। उसका शव सड़क किनारे बहियार में पड़ा मिला। शरीर पर घसीटे जाने के निशान भी मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के सिर में गोली मारी गई।
परिजनों के अनुसार साजन शुक्रवार रात करीब आठ बजे घर पर था। इसी दौरान गांव और आसपास के पांच युवक अलग-अलग बाइक से उसके घर पहुंचे और किसी बहाने उसे अपने साथ ले गए। करीब साढ़े आठ बजे दोस्तों ने साजन की मां को फोन कर पूछा कि वह घर पहुंचा है या नहीं। इसके बाद परिजनों को शक हुआ। साजन के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। रात करीब साढ़े नौ बजे दोस्तों ने ही घर पर फोन कर साजन की हत्या किए जाने और शव को बहियार में फेंके जाने की सूचना दी।
परिजनों ने दोस्तों पर धोखे से बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। रिश्तेदार जगनाथ पासवान के अनुसार, परिजन जब बघैला बहियार पहुंचे तो साजन का शव खून से लथपथ पड़ा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद हत्या के कारण और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी।
बेगूसराय से अजय कुमार शास्त्री की रिपोर्ट










