यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव का हुआ ऐलान, 16 अक्टूबर को वोटिंग
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटें और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट मिलाकर कुल 11 सीटों पर 16 अक्टूबर को चुनाव होगा।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटें और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट मिलाकर कुल 11 सीटों पर 16 अक्टूबर को चुनाव होगा। चुनाव आयोग की अधिसूचना में कहा गया है कि 29 सितंबर से चुनावी कार्यवाही शुरू होगी। फिर छह अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किया जा सकेगा। फिर नौ अक्टूबर तक नामांकन वापसी की जा सकेगी और 16 अक्टूबर को चुनाव होगा।
UP के 10 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है
जानकारी के लिए बता दें कि यूपी के 10 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है। मौजूदा समय में इन 10 में से आठ सीटों पर बीजेपी, एक पर समाजवादी पार्टी और एक पर बहुजन समाज पार्टी का कब्जा है। बीजेपी सदस्यों में पूर्व डीजीपी बृजलाल, सीमा द्विवेदी, नीरज शेखर, गीता शाक्य, हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह और बीएल वर्मा शामिल हैं। वहीं, डॉ. दिनेश शर्मा का कार्यकाल भी 25 नवंबर तक था लेकिन अंडमान और निकोबार का उपराज्यपाल बनाए जाने के बाद उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया। इसलिए उस एक सीट पर भी चुनाव होना है। इसके अलावा, सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव और बसपा के रामजी गौतम का कार्यकाल भी इसी समय पूरा हो रहा है।
UP विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं, बीते एक साल के अंदर विधानसभा के 6 सदस्यों की मृत्यु हो गई है
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। बीते एक साल के अंदर विधानसभा के छह सदस्यों की मृत्यु हो गई है। इसलिए 397 सदस्य मिलकर राज्यसभा की 10 सीटों के लिए मतदान करेंगे। फॉर्मूला के अनुसार, यूपी में राज्यसभा की एक सीट के लिए कम से कम 37 वोट होने चाहिए। सीटों के अनुसार, बीजेपी को आठ और सपा को दो सीटें मिल सकती हैं।










