'राहुल गांधी का चश्मा खराब हो गया है' गिरिराज सिंह बोले-आज पूरी दुनिया देश की अर्थव्यवस्था की तारीफ कर रही है
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने 'उत्तर प्रदेश चुनाव- 2027' से पहले जेएनयू प्रोफेसर विवाद, नोटबंदी और ओवैसी-चंद्रशेखर की पार्टियों के बीच चुनावी गठबंधन को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है।

बेगूसराय। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने 'उत्तर प्रदेश चुनाव- 2027' से पहले जेएनयू प्रोफेसर विवाद, नोटबंदी और ओवैसी-चंद्रशेखर की पार्टियों के बीच चुनावी गठबंधन को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ ही समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "इनको जेएनयू के प्रोफेसर का उत्पीड़न नहीं दिखाई दे रहा है। शायद राहुल गांधी का चश्मा खराब हो गया है। अब तो यही कहा जाएगा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में ऐसे ही लोगों की जमात कांग्रेस को बना दिया गया है। कांग्रेस की सरकार में देश की आर्थिक स्थिति क्या थी? जब 2014 में पीएम नरेंद्र मोदी आए तो उस समय देश की आर्थिक स्थिति क्या थी? आज पूरी दुनिया देश की अर्थव्यवस्था की तारीफ कर रही है।"
गिरिराज सिंह ने कहा, "वर्ल्ड बैंक से लेकर आईएमएफ तक देख रहे हैं कि पूरी दुनिया में पेट्रोल की कीमत कितनी बढ़ी और भारत में क्या हुआ? पूरी दुनिया देख रही है कि चिप से लेकर शिप तक भारत बना रहा है। डिफेंस में एक्सपोर्ट कर रहा है। अगर ये गिरती हुई अर्थव्यवस्था है तो मुझे यह स्वीकार है।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "मेरा मानना है कि मुगलों ने हिंदू सनातनियों को जातियों में बांटा था। जवाहर लाल नेहरू ने आकर हिंदुओं को जातियों में खड़ा किया। आज ये स्थिति हो गई है कि हर जाति का राजनीतिकरण केवल सनातन में हो रहा है। दूसरी ओर मुस्लिम समुदाय में कट्टरवादियों का एकीकरण हो रहा है। तीसरी ओर ईसाइयों का विस्तार हो रहा है। एक ओर कोशिश की जा रही है कि हिंदुओं को जातियों में बांटो, हर जाति का राजनीतिकरण करो और मुसलमानों का वोट भारत के राष्ट्रवाद के खिलाफ हो।"
सोर्स-आईएएनएस













