यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा बने अंडमान निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल
उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिहाज से बड़ी खबर है। दरअसल राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम और राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा को अंडमान निकोबार का उपराज्यपाल बनाया गया है।

नयी दिल्ली: उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिहाज से बड़ी खबर है। दरअसल राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम और राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा को अंडमान निकोबार का उपराज्यपाल बनाया गया है। दिनेश शर्मा की नियुक्ति को लेकर के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बीती देर रात आधिकारिक घोषणा की। दिनेश शर्मा की गिनती बीजेपी के बड़े ब्राह्मण चेहरे के रूप में होती है।
मिली खबर के अनुसार बीती देर रात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिनेश शर्मा के अंडमान निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल की नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा की। दिनेश शर्मा उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रमुख ब्राह्मण चेहरे के रूप में जाने जाते हैं। उनकी गिनती एक मृदु भाषी और सुलझे नेता के रूप में होती है। शर्मा लखनऊ यूनिवर्सिटी में वाणिज्य के प्रोफेसर हैं और लंबे वक्त से आरएसएस और बीजेपी से जुड़े रहे हैं।
दिनेश शर्मा 2006 और 2012 में लखनऊ के मेयर भी चुने गए थे। इसके बाद 2014 से लेकर 2018 तक वह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और गुजरात बीजेपी के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। 2017 में उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने पर योगी आदित्यनाथ सरकार में दिनेश शर्मा को डिप्टी सीएम बनाया गया था। 2023 में उनको राज्यसभा सदस्य बनाया गया। अब उन्हें अंडमान निकोबार द्वीप समूह का राज्यपाल बनाया गया है।










