छठ महापर्व व बिहार की महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी, कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत
स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। छठ महापर्व, बिहार की महिलाओं और सिंदूर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की है।

नई दिल्ली : स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। छठ महापर्व, बिहार की महिलाओं और सिंदूर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की है। लोजपा (रामविलास) के लीगल सेल ने दिल्ली-एनसीआर में यश माहेश्वरी के अभद्र टिप्पणी पर कंप्लेन किया। साथ ही बड़े आंदोलन की तैयारी कर रही है। केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की पार्टी पूरे बिहार के 38 जिलों में एफआईआर दर्ज कराएगी।
दिल्ली पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत देकर यश महेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है
लोजपा (रामविलास) के विधि प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता सुशील कुमार ने 25 नवंबर 2026 को दिल्ली पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत देकर यश माहेश्वरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यश माहेश्वरी ने अपने वीडियो में बिहार की महिलाओं, छठ महापर्व, सिंदूर की पवित्र धार्मिक परंपरा और बिहार के लोगों की क्षेत्रीय पहचान को लेकर अश्लील, अपमानजनक एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं।
दिल्ली में रहते हुए स्वयं संबंधित Youtube Video और Social Media पर प्रसारित सामग्री देखी है - अधिवक्ता सुशील कुमार
अधिवक्ता सुशील कुमार ने शिकायत में बताया है कि उन्होंने दिल्ली में रहते हुए स्वयं संबंधित यूट्यूब वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री देखी है। यह सामग्री डिजिटल माध्यमों से सार्वजनिक रूप से प्रसारित की गई है। लोजपा (रामविलास) की ओर से भारतीय न्याय संहिता, 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। पार्टी ने दिल्ली में भी संबंधित वीडियो के प्रसारण और प्रभाव का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस से क्षेत्राधिकार ग्रहण कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। अब देखना होगा कि दिल्ली पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है और कॉमेडियन यश माहेश्वरी की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।














