5 KM तक सिर्फ गुलाब...50 बीघा में पंडाल: अनंत सिंह की बेटी की शादी तो कुछ भी नहीं, भारत में किसकी थी वो शादी
बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की आज शादी है। सोशल मीडिया पर शादी की भव्य तैयारियों की तस्वीरें और वीडियो सुर्खियां बटोर रहे हैं। लेकिन क्या आपको पता है भारत में इससे भी बड़े पैमाने पर एक शादी हो चुकी है?

बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर आज बड़ा जश्न है। आज यानि 25 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी है। बाढ़ के नदावां में शादी समारोह की भव्य तैयारियां की गई हैं। इस शादी में बिहार की राजनीति के कई दिग्गज नेताओं, जनप्रतिनिधियों और खास मेहमानों का जमावड़ा लगने वाला है। सोशल मीडिया पर शादी की भव्य तैयारियों की तस्वीरें और वीडियो सुर्खियां बटोर रहे हैं। बताया जा रहा है कि शादी के लिए करीब 10 बीघा में पंडाल तैयार किया किया गया है और पांच लाखों लोगों के खाने का इंतजाम किया जा रहा है। मेहमानों की संख्या से लेकर खाने-पीने और आयोजन की तैयारियों तक, हर चीज लोगों का ध्यान खींच रही है। लेकिन क्या आपको पता है भारत में इससे भी बड़े पैमाने पर एक शादी हो चुकी है? जहां 5 किलोमीटर का रास्ता गुलाब की पंखुड़ियों से सजाया गया था।
दरअसल तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के दत्तक पुत्र वीएन सुधाकरन की शादी में डेढ़ लाख से ज्यादा मेहमान पहुंचे थे? 50 एकड़ में हुए इस आयोजन का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। मंदिर से शादी समारोह तक 5 किलोमीटर का रास्ता गुलाब की पंखुड़ियों से सजाया गया था। इस रास्ते के दोनों तरफ 600 ग्रीक शैली के खंभे लगाए गए थे, जिन्हें रंगीन लाइटों से सजाया गया था। यह शादी इतनी भव्य थी कि इसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया। 7 सितंबर 1995 को सुधाकरन की शादी तमिल फिल्मों के दिग्गज अभिनेता शिवाजी गणेशन की पोती एन सत्यलक्ष्मी से हुई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 3500 रसोइयों ने मेहमानों के लिए भोजन तैयार किया था। खाने में 50 तरह के पकवान शामिल थे और मेहमानों के लिए छह कोर्स का भोजन परोसा गया। 50 एकड़ में फैले मैदान में लगे स्क्रीन पर मेहमानों ने वैदिक रीति-रिवाजों से होने वाली शादी को देखा। शुरुआती रिपोर्टों में करीब 3 लाख मेहमानों के लिए दावत की तैयारी की बात कही गई थी. इसके लिए हजारों रसोइयों और वेटरों की व्यवस्था की गई थी। हालांकि, लोगों की आलोचना और बढ़ते दबाव के बाद आयोजन की योजनाओं में कटौती की गई।
अनंत सिंह की बेटी की शादी, बारात में शामिल होंगी 151 गाड़ियां
अब आते हैं बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी पर। बाढ़ के नदावां में यह शादी समारोह हो रहा है। शादी का मुख्य कार्यक्रम रात में होगा। जिसमें फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजे भव्य मंच पर रात 9 बजे शिवांगी और ऋषिकेश एक-दूसरे को वरमाला पहनाएंगे। शिवांगी की शादी के लिए दूल्हे ऋषिकेश कुमार अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ 151 गाड़ियों के काफिले लेकर बिहटा के कृष्णानगर से नदवां पहुंचेंगे।
शादी समारोह में नदवां गांव के तैयार मैदान में दोपहर 2 बजे से घुड़दौड़ प्रतियोगिता शुरू होगी। जिसमें अलग-अलग जगहों से घोड़े और घुड़सवार हिस्सा लेंगे। पहले स्थान पर आने वाले घुड़सवार को महिंद्रा थार मिलेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे।
भोज की तैयारी के लिए 300 से अधिक चूल्हे लगाए गए हैं और बिहार व दूसरे राज्यों से आए करीब 500 हलवाई व कारीगर बड़े-बड़े कड़ाहों में पकवान तथा मिठाइयां बनाने में जुटे हैं। विधायक अनंत सिंह ने होने वाले दामाद को करीब 2.5 करोड़ की डिफेंडर गाड़ी गिफ्ट किया है।
अनंत सिंह की बेटी की शादी में बिहार की राजनीति के कई बड़े चेहरों के शामिल होने की संभावना है। अनंत सिंह ने बिहार सरकार के कई मंत्रियों, विपक्ष नेताओं और बड़े-बड़े कलाकारों के यहां शादी का निमंत्रण दिया है। कुछ मेहमान हेलीकॉप्टर से भी समारोह स्थल पहुंच रहे हैं। नदवां में हेलीकॉप्टर से आने वाले मेहमानों की सुविधा को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है।














