PM मोदी के ऐलान के बाद अब अमित शाह, CM सम्राट ने भी कह दिया, डर पैदा कर देंगे, एक्शन शुरू
नीट पेपर लीक को लेकर देशभर में विपक्ष समेत छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इस बीच पीएम मोदी ने पेपर लीक के मामलों पर बड़ा फैसला लिया है। अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सीएम सम्राट चौधरी ने भी बड़ी बात कह दी है।
नीट पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक धरना दे रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक को लेकर देशभर में विपक्ष समेत छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। बिहार की राजधानी पटना में भी प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के मामलों पर बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि अब ऐसे मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कहा है कि छात्रों के सपनों और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सरकार के लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। पेपर लीक से जुड़े सभी मामलों की जल्दी सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के निर्देश दे दिए गए हैं। उनका कहना है कि इससे दोषियों को जल्दी सजा मिलेगी और भविष्य में ऐसे अपराध करने वालों में डर पैदा होगा। इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी नीट पेपर लीक पर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने इसे "घोर पाप" बताया था।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा है-युवाओं का हित और उनका उज्ज्वल भविष्य मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता भी है और संकल्प भी। प्रधानमंत्री जी द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट्स के गठन से पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित सुनवाई और कठोर कार्रवाई का निर्णय इसी का प्रतिबिंब है। पेपर लीक के कारण युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध प्रधानमंत्री मोदी जी का यह महत्वपूर्ण कदम मील का पत्थर साबित होगा।
जबकि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा है-युवा हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनके सपनों और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिलेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना मोदी सरकार की गारंटी है।
वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा है कि कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष चर्चा से भाग रहा है, क्योंकि उन्हें मालूम है कि जैसे ही वे सदन के पटल पर आएंगे, उनका दोहरा चरित्र देश की जनता और युवाओं के सामने पूरी तरह जगजाहिर हो जाएगा। हम पूरे विपक्ष को खुली चुनौती देते हैं। आइए, सदन के पटल पर NEET सहित छात्रों और युवाओं से जुड़े हर विषय पर खुलकर चर्चा कीजिए। एनडीए सरकार हर विषय पर संवाद करने और हर प्रश्न का उत्तर देने के लिए पूरी तरह तैयार है। लेकिन राहुल गांधी और विपक्ष का राजनीतिक इतिहास चर्चा से बचने का रहा है। यही कारण है कि वे सदन में बहस का सामना करने के बजाय उससे दूर भागते हैं।
जबकि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा-हमारा कहना है कि यह समय आरोप-प्रत्यारोप का नहीं है, हमें समाधान के विषय में सोचना चाहिए और संसद इसके लिए सबसे उपयुक्त माध्यम है। गहन चर्चा हो, हम इसकी बारीकियों में जाएं, और हम मिलकर देश के भविष्य के लिए ठोस नीति बनाएं। क्योंकि बच्चे किसी एक के नहीं, वो देश के हैं और देश के भविष्य की चिंता करना हमारी जिम्मेदारी है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐलान के बाद NEET पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार का एक्शन शुरू हो गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब NEET पेपर लीक मामले के आरोपियों पर सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत मुकदमा चलाया जाएगा। इसी के साथ इन मामलों की सुनवाई के लिए चार राज्यों में स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है।
Trending News