झारखंड में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? IMD ने जारी किया नया अपडेट

झारखंड में मानसून की गतिविधियां फिलहाल सक्रिय बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और कई स्थानों पर वज्रपात की आशंका जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा भी चल सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि देखने को मिल सकती है। इसके बाद मौसम में फिर बदलाव आने के संकेत हैं और आगामी दो दिनों में तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
बीते 24 घंटों के मौसम की बात करें तो राज्य के लगभग सभी हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन दर्ज किया गया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के तंतनगर में सबसे अधिक 37.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं, सरायकेला में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस कांके में रिकॉर्ड किया गया।
हालांकि बारिश का सिलसिला जारी है, लेकिन पूरे मानसून सीजन के आंकड़े अब भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। 1 जून से 30 जुलाई के बीच राज्य में सामान्य 499.3 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 372.6 मिमी बारिश हुई है। इस तरह झारखंड में औसतन 25 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है।
जिलावार स्थिति पर नजर डालें तो चतरा और गढ़वा सबसे अधिक प्रभावित हैं, जहां सामान्य से 62-62 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसके अलावा पाकुड़ में 58 प्रतिशत, देवघर में 55 प्रतिशत, गोड्डा में 48 प्रतिशत, कोडरमा में 48 प्रतिशत, गिरिडीह में 45 प्रतिशत, पलामू में 43 प्रतिशत और बोकारो में 36 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज की गई है। राजधानी रांची में भी सामान्य से 15 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड हुई है।
इसके विपरीत कुछ जिलों में मानसून का प्रदर्शन बेहतर रहा है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई, जबकि सिमडेगा में केवल 1 प्रतिशत और सरायकेला-खरसावां में 6 प्रतिशत की कमी रही। मौसम विभाग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने से राज्य के अधिकांश इलाकों में वर्षा का दायरा विस्तृत होगा और अब तक बनी वर्षा की कमी में कुछ हद तक सुधार देखने को मिल सकता है।













