भरत तिवारी को गोली मारने वाला STF जवान गिरफ्तार, एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई, मां क्या बोली?
भोजपुर के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार STF के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर आरोप है कि आत्मसमर्पण के बाद भरत तिवारी को पहली गोली उन्होंने मारी थी।

भोजपुर के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार STF के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर आरोप है कि आत्मसमर्पण के बाद भरत तिवारी को पहली गोली उन्होंने मारी थी। जांच एजेंसियों द्वारा मिले साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की गई है।
जांच में यह मामला लगातार नए मोड़ ले रहा है। घटना के बाद वायरल हुए फेसबुक लाइव वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच मुख्यमंत्री से परिजनों की मुलाकात के बाद सरकार ने दो अधिकारियों पर भी कार्रवाई की। जगदीशपुर के तत्कालीन SDPO सुजीत कुमार को पद से हटाया गया, जबकि SDPO राजेश कुमार को भी उनके पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया। सरकार ने आश्वासन दिया है कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
भरत तिवारी की मां आशा देवी ने STF जवान की गिरफ्तारी को न्याय की दिशा में पहला कदम बताया। उन्होंने मामले में शामिल अन्य अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग दोहराई। वहीं पिता काशीनाथ तिवारी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जांच में पूरी सच्चाई सामने आएगी और सभी दोषियों पर कानूनी कार्रवाई होगी।
परिजनों ने सरकार से एनकाउंटर में शामिल सभी जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, भरत तिवारी की प्रतिमा स्थापित करने तथा उन्हें शहीद का दर्जा देने सहित कई मांगें रखी हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट













