पंचायत दिवस पर 25 अक्टूबर को सभी पंचायतों में लगेगा पेंशन संबंधी विशेष शिविर
पंचायत राज विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार 25 अक्टूबर यानी रविवार को पंचायत दिवस के अवसर पर जिले की सभी पंचायतों में पेंशन संबंधी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

गोपालगंज : पंचायत राज विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार 25 अक्टूबर यानी रविवार को पंचायत दिवस के अवसर पर जिले की सभी पंचायतों में पेंशन संबंधी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। इसमें सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं के लाभुकों से संबंधित लंबित आवेदनों, केवाईसी और जीवन प्रमाणीकरण के कार्यों का निष्पादन किया जाएगा।
इसका उद्देश्य पात्र एवं वंचित लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है
इसका उद्देश्य पात्र एवं वंचित लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जिले में कुल 2,57,373 पेंशनधारियों में से 2,25,286 का जीवन प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है, जबकि 32,066 लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है। इन लंबित मामलों का निष्पादन शिविर के माध्यम से किया जाएगा, ताकि पात्र पेंशनधारियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी नहीं हो। शिविरों के सफल संचालन के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को नोडल पदाधिकारी और प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को सहायक नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।
संबंधित अधिकारियों को शिविरों का नियमित पर्यवेक्षण करने और प्रतिनियुक्त कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है
संबंधित अधिकारियों को शिविरों का नियमित पर्यवेक्षण करने और प्रतिनियुक्त कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने पंचायत सरकार भवन में उपस्थित रहकर कार्यों का निष्पादन करने को कहा गया है। कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा करने का भी निर्देश दिया गया है।
गोपालगंज से आलोक कुमार की रिपोर्ट













