ऊपर से रोक है...जर्जर बुलेटप्रूफ गाड़ी लौटाते हुए बाबूलाल मरांडी का हेमंत सोरेन पर करारा हमला
झारखंड की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

रांची: झारखंड की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रास्ते में बार-बार खराब हो रही अपनी 13 साल पुरानी बुलेटप्रूफ गाड़ी को ससम्मान सरकार को वापस लौटाते हुए मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक बेहद तीखा और भावुक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने न केवल अपनी और अन्य पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा की अनदेखी पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि गृह विभाग पर राजनीतिक दुर्भावना से काम करने का गंभीर आरोप भी लगाया है।
13 साल पुरानी गाड़ी और जर्जर जिप्सियों का हवाला
बाबूलाल मरांडी ने पत्र में बताया कि उन्हें आवंटित बुलेटप्रूफ सफारी गाड़ी 13 साल पुरानी हो चुकी है और बीच रास्ते में बार-बार बंद हो जाती है। इसके अलावा उनके काफिले में तैनात सुरक्षाकर्मियों की तीन जिप्सियां भी पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं और 4 लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब दिसंबर 2024 में गृह विभाग ने 17 नए बुलेटप्रूफ वाहन खरीदे थे, तो पूर्व मुख्यमंत्रियों को पुरानी और खटारा गाड़ियों के भरोसे क्यों छोड़ा गया है?
"गाड़ी का बीच रास्ते में बंद होना आपके कार्यालय की फ़ाइल में मरम्मत का एक मामूली मामला हो सकता है, लेकिन सड़क पर उसकी कीमत चालक और सुरक्षाकर्मियों को चुकानी पड़ती है।
"आखिर यह 'ऊपर' कौन है?" –मरांडी का सीधा सवाल
मरांडी ने पत्र में खुलासा किया कि जब भी अधिकारियों से वाहन बदलने की बात की जाती है, तो वे अनौपचारिक तौर पर कहते हैं कि "ऊपर से रोक है।
इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा: आखिर यह 'ऊपर' कौन है जिसने गाड़ी रोकने का निर्देश दिया? यदि ऐसा कोई निर्देश नहीं है, तो अधिकारी किसके नाम की आड़ लेकर फैसला टाल रहे हैं? क्या गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय के अधिकारी राजनीतिक दबाव में काम कर रहे हैं?
अर्जुन मुंडा की सुरक्षा का भी उठाया मुद्दा
पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की सुरक्षा का जिक्र करते हुए मरांडी ने कहा कि मुंडा के कार्यालय से जुलाई 2024 से जून 2026 के बीच सुरक्षा वाहनों की बदहाली को लेकर 6 बार पत्र लिखे जा चुके हैं। हाल ही में 6 नवंबर की रात चौका के पास अर्जुन मुंडा के काफिले का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त भी हुआ था। मरांडी ने कहा कि जब विपक्ष के दो-दो पूर्व मुख्यमंत्रियों की गाड़ियों को लेकर बार-बार लिखना पड़े, तो राजनीतिक दुर्भावना की आशंका होना स्वाभाविक है।
बाबूलाल मरांडी की प्रमुख मांगें:
1. सात दिनों में जवाब: पिछले पत्रों और शिकायतों पर की गई कार्रवाई का लिखित विवरण 7 दिनों के भीतर दिया जाए।
2. तकनीकी रिपोर्ट सार्वजनिक हो: यदि आवंटित गाड़ी को सुरक्षा योग्य माना जाता है, तो उसके अंतिम तकनीकी निरीक्षण (Fitness Inspection) की रिपोर्ट और मंजूरी देने वाले अधिकारी का पदनाम साझा किया जाए।
3. समान समीक्षा: सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की एक समान मापदंड पर समीक्षा कराई जाए।
4. सुरक्षित वाहन: मरांडी और उनके काफिले के जवानों के लिए तत्काल तकनीकी जांच में पास हुए सुरक्षित वाहन उपलब्ध कराए जाएं।
"एक दिन आपके नाम के आगे भी 'पूर्व मुख्यमंत्री' लिखा जाएगा..."
पत्र के अंत में बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सत्ता के स्थायित्व की याद दिलाते हुए एक बेहद तीखी नसीहत दी। उन्होंने लिखा:"हेमंत जी, हममें से कोई अमृत पीकर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठा है। एक दिन आपके नाम के आगे भी 'पूर्व मुख्यमंत्री' लिखा जाएगा। उस दिन यदि आपकी गाड़ी बीच रास्ते में बंद हो और कोई अधिकारी आपसे धीमे स्वर में कहे कि 'सर, ऊपर से रोक है,' तो आप उससे क्या उत्तर चाहेंगे? आज आपके पास अधिकार है, वही उत्तर आज मुझे दीजिए।"
राजनीतिक हलकों में हलचल
बाबूलाल मरांडी द्वारा ससम्मान गाड़ी लौटाने और इस तरह के तीखे पत्र के बाद झारखंड के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। अब सभी की निगाहें गृह विभाग और मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के आधिकारिक जवाब पर टिकी हैं।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट













