स्वतंत्रता दिवस पर आसमान में छाए रहेंगे बादल, 40 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

देशभर में आज 80वें स्वतंत्रता दिवस का उत्साह है, लेकिन झारखंड में मौसम ने भी करवट ले ली है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह से बादल छाए हुए हैं और कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम केंद्र के अनुसार झारखंड के ऊपर सक्रिय दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।
स्वतंत्रता दिवस के दिन राज्य के ज्यादातर इलाकों में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली चमक सकती है। दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। मौसम केंद्र ने इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। ऐसे में खुले स्थानों पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत होगी।

बारिश का सिलसिला 16 अगस्त को भी जारी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा और चतरा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।


वहीं, 17 अगस्त को दक्षिणी झारखंड के साथ पलामू, चतरा और मध्य झारखंड के हजारीबाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। यानी अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज खराब रह सकता है।
पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक बारिश लातेहार जिले में दर्ज की गई। आंकड़ों के मुताबिक बरवाडीह में 318 मिमी, मनिका में 300 मिमी, लातेहार में 214 मिमी, गारू में 192.2 मिमी और सरयू में 160 मिमी बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश दर्ज करने वाले ये सभी पांच स्थान लातेहार जिले में ही हैं।
बारिश के बावजूद कई शहरों में सामान्य से ज्यादा तापमान
बारिश के बीच तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। पिछले 24 घंटे में डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक है। रांची में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री रहा, जबकि बोकारो में यह 33.5 डिग्री दर्ज किया गया।
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक है। इसके विपरीत चाईबासा में तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो लातेहार में 20.3 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। रांची में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री, जमशेदपुर में 25 डिग्री और डाल्टनगंज में 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा।












