अवैध पार्किंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई, डीएम का निर्देश
सहरसा: जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

सहरसा: जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के विभिन्न मार्गों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित रूप से विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जाए। यातायात पुलिस, संबंधित थाना पुलिस तथा जिला परिवहन कार्यालय आपसी समन्वय स्थापित कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अवैध पार्किंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध रूप से पार्क किए जाने वाले भारी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा ऐसे वाहनों का नियमानुसार चालान करने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी एवं संबंधित थानाध्यक्षों को दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनधिकृत पार्किंग से यातायात बाधित होता है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। अतः इस पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है।आगामी पर्व-त्योहारों एवं विधि-व्यवस्था की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दोपहिया एवं अन्य वाहनों की विशेष जांच करने का भी निर्देश दिया गया। जांच के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, ट्रिपल राइडिंग तथा वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के साथ आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
बैजनाथपुर अंडरपास के सर्विस रोड का निर्माण शीघ्र कराने का निर्देश
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-107 पर बैजनाथपुर अंडरपास के सर्विस रोड का निर्माण कार्य अतिशीघ्र पूरा कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि सर्विस रोड का निर्माण पूरा होने से स्थानीय आवागमन सुगम होगा तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, बैजनाथपुर से सोनवर्षा जाने वाले मार्ग पर बने गड्ढों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पथ निर्माण विभाग, कार्य प्रमंडल, सहरसा के कार्यपालक अभियंता को उनकी शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।
वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की 15 दिनों के भीतर मरम्मत का निर्देश
बैठक में वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ग्रामीण कार्य विभाग, सहरसा एवं सिमरी बख्तियारपुर के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि उनके कार्यक्षेत्र के अंतर्गत वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सड़कों को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा।
संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश
बैठक में जिला स्तरीय हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सड़क सुरक्षा से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान पर बल दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सहरसा; अपर समाहर्ता, सहरसा; जिला परिवहन पदाधिकारी, सहरसा; अनुमंडल पदाधिकारी, सहरसा एवं सिमरी बख्तियारपुर; पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सहरसा; राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-107 एवं 327ई से संबंधित पदाधिकारी; पथ निर्माण विभाग, कार्य प्रमंडल, सहरसा के कार्यपालक अभियंता तथा ग्रामीण कार्य विभाग, सिमरी बख्तियारपुर के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी भी बैठक से जुड़े रहे।जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा पर्व-त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखना है।जिला प्रशासन, सहरसा की अपील: सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग से बचें। सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करें।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट













