BJP ने कहा- SIR और MMDR के विरोध में विशेष सत्र बुलाकर जनता को गुमराह कर रही हेमंत सरकार
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित हुई। इंडी गठबंधन के नेता पूरे देश में इस नैरेटिव को फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

रांची : भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित हुई। बैठक के उपरांत मीडिया ब्रीफिंग करते हुए भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा 25-26 नवंबर को एमएमडीआर और एसआईआर को लेकर जो विशेष सत्र बुलाया गया है, वह एक नैरेटिव का हिस्सा है। इंडी गठबंधन के नेता पूरे देश में इस नैरेटिव को फैलाने का प्रयास कर रहे हैं और हेमंत सोरेन सरकार उसी कड़ी में एक और कड़ी जोड़ने का काम कर रही है।
नवीन जायसवाल ने कहा- देश में राहुल गांधी रोज एक नया प्रोपेगेंडा लेकर सामने आते हैं और झारखंड में कांग्रेस के सहयोग से सरकार चल रही है
नवीन जायसवाल ने कहा कि देश में राहुल गांधी रोज एक नया प्रोपेगेंडा लेकर सामने आते हैं और झारखंड में कांग्रेस के सहयोग से सरकार चल रही है। अब विधानसभा में एमएमडीआर और एसआईआर के विरोध में प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर कोई पहली बार नहीं हो रहा है। वर्ष 2026 में हो रही यह प्रक्रिया भारतीय जनता पार्टी का कोई कार्यक्रम नहीं, बल्कि चुनाव आयोग द्वारा कराई जा रही संवैधानिक प्रक्रिया है।
झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राजद की सरकार है - BJP
उन्होंने कहा कि झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राजद की सरकार है। घर-घर जाकर बीएलओ फॉर्म भरवाते हैं और इस प्रक्रिया को पूरा करते हैं। पूरी प्रक्रिया उपायुक्त की निगरानी में राज्य के अधिकारी एवं राज्य सरकार की एजेंसियां संपन्न कराती हैं। ऐसे में एसआईआर का विरोध करने का मतलब तो यह हुआ कि झारखंड सरकार स्वयं यह स्वीकार कर रही है कि राज्य में चल रही एसआईआर की प्रक्रिया में कहीं न कहीं उसकी ही गलती है। अपनी ही सरकार में अपने ही काम का विरोध करना और जनता को गुमराह करना नहीं तो और क्या है?
जयसवाल ने कहा- कांग्रेस और उसके नेता लगातार EVM पर सवाल उठाते हैं
जयसवाल ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता लगातार ईवीएम पर सवाल उठाते हैं। उनका कहना है कि ईवीएम से वोटिंग नहीं होनी चाहिए, क्योंकि ईवीएम में गड़बड़ी के कारण ही भाजपा की सरकार बन जाती है। ऐसे में सवाल है कि क्या झारखंड में हेमंत सोरेन इस्तीफा देने वाले हैं? इसी ईवीएम से तो यहां उनकी सरकार बनी है। या फिर झामुमो, कांग्रेस और राजद के वे विधायक, जो ईवीएम से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं और अब ईवीएम का विरोध कर रहे हैं, क्या वे भी इस्तीफा देंगे? जो लोग एसआईआर और ईवीएम की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें नैतिकता के आधार पर पहले इस्तीफा देना चाहिए और फिर एसआईआर का विरोध करना चाहिए। दरअसल, इन दलों को केवल राजनीति और स्टंटबाजी करनी है।
MMDR के मुद्दे पर जयसवाल ने कहा- यह बिल पूरे देश के लिए बना है, न कि केवल झारखंड के लिए
एमएमडीआर के मुद्दे पर नवीन जयसवाल ने कहा कि यह बिल पूरे देश के लिए बना है, न कि केवल झारखंड के लिए। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां इसका विरोध नहीं हो रहा है। केवल झारखंड में इसका विरोध इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि यहां सेस और टैक्स लगाकर सरकार कोयले की कीमत बढ़ाना चाहती है। जब कोयले का दाम बढ़ेगा तो उसके खरीदार नहीं मिलेंगे। दूसरे प्रदेशों में कोयले की बिक्री लगातार बढ़ रही है, जबकि झारखंड में इसकी बिक्री घटती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार को लीगल कोयला बेचना ही नहीं है। लीगल कोयले की बिक्री बाधित हो, इसलिए एमएमडीआर का विरोध किया जा रहा है।
सरकार के संरक्षण में जो 2 नंबर का कोयला बिक रहा है, उस पर अंकुश लगाने की कोशिश हो रही है
सरकार के संरक्षण में जो दो नंबर का कोयला बिक रहा है, उस पर अंकुश लगाने की कोशिश हो रही है, इसलिए इन दलों के पेट में दर्द हो रहा है। जयसवाल ने कहा कि सरकार एक नकारात्मक नैरेटिव सेट करने का प्रयास कर रही है कि वोट चोरी हो रही है और एसआईआर में लोगों के नाम काटे जा रहे हैं। यदि इन दलों को लगता है कि किसी गांव के 100 लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं, तो उन्हें उन लोगों की सूची चुनाव आयोग, उपायुक्त और बीएलओ को उपलब्ध करानी चाहिए। चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से इसकी जांच करता है।
झारखंड में SIR की प्रक्रिया 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और अगले माह मतदाता सूची जारी होने वाली है
उन्होंने कहा कि झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और अगले माह मतदाता सूची जारी होने वाली है। मुख्यमंत्री को यदि लगता है कि बांग्लादेशी या घुसपैठियों के नाम कट रहे हैं और इसी वजह से एसआईआर का विरोध किया जा रहा है, तो झामुमो और कांग्रेस के नेताओं को स्पष्ट रूप से बयान देना चाहिए कि वे बांग्लादेश के अवैध वोटरों को झारखंड का मतदाता बनाना चाहते हैं। हमारी पार्टी का मानना है कि ऐसे लोगों का नाम केवल मतदाता सूची से डिलीट ही नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें डिटेन कर डिपोर्ट करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, डॉ. नीरा यादव, राज सिन्हा, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, आलोक चौरसिया, रोशनलाल चौधरी, अमित यादव, कुमार उज्ज्वल व मंजू कुमारी उपस्थित रहे।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट














