बहन के असीम त्याग से भाई को मिला नया जीवन, किडनी दान कर लीलावती कुमारी ने पेश की मानवता की अनूठी मिसाल
धनबाद: भाई-बहन के अटूट प्रेम और त्याग की एक बेहद मार्मिक और प्रेरणादायक मिसाल तोपचांची प्रखंड के चैता पंचायत अंतर्गत केशलपुर ग्राम में देखने को मिली है। अपनी जान की परवाह किए बिना अपनी किडनी दान कर एक बहन ने अपने भाई को नया जीवन दिया।

धनबाद: भाई-बहन के अटूट प्रेम और त्याग की एक बेहद मार्मिक और प्रेरणादायक मिसाल तोपचांची प्रखंड के चैता पंचायत अंतर्गत केशलपुर ग्राम में देखने को मिली है। अपनी जान की परवाह किए बिना अपनी किडनी दान कर एक बहन ने अपने भाई को मौत के मुँह से बाहर निकालकर नया जीवनदान दिया है।
केशलपुर ग्राम निवासी शिवलाल किस्कू (माँझी) के पुत्र योगेंद्र किस्कू पिछले कई महीनों से गंभीर किडनी रोग से जूझ रहे थे। बैंगलोर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उनकी जान बचाने के लिए तत्काल किडनी प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) की सलाह दी। इस खबर से पूरे किस्कू परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजन गहरी चिंता में डूब गए।
परिवार की इस विकट घड़ी में श्री शिवलाल किस्कू की सुपुत्री एवं योगेंद्र किस्कू की बहन लीलावती कुमारी उम्मीद की किरण बनकर सामने आईं। उन्होंने बिना किसी झिझक के अपने भाई को अपनी किडनी दान करने का साहसिक निर्णय लिया। चिकित्सकों द्वारा सभी आवश्यक चिकित्सीय जाँच पूरी करने के बाद लीलावती की किडनी का योगेंद्र किस्कू में सफल प्रत्यारोपण किया गया। सफल ऑपरेशन के बाद जब बहन लीलावती और किस्कू परिवार बैंगलोर से वापस अपने घर लौटे, तो पूरे क्षेत्र में हर्ष और भावुकता का माहौल व्याप्त हो गया।
इस प्रेरणादायक खबर के मिलते ही सोनोत संताल समाज केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने खरियो स्टेशन पहुँचकर लीलावती कुमारी और उनके परिवार का गाजे बाजे के साथ जोरदार व आत्मीय स्वागत किया। समिति के सदस्यों ने लीलावती के इस अदम्य साहस और त्याग को नमन करते हुए उन्हें पारंपरिक अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा पूरे किस्कू परिवार के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।
इस भावुक अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सोनोत संताल समाज के केंद्रीय कोषाध्यक्ष रतिलाल टुडू ने कहा, "आदिवासी समाज की इस बेटी ने जो कर दिखाया है, वह किसी वरदान से कम नहीं है। आज के दौर में जहाँ लोग एक यूनिट रक्तदान करने से भी हिचकिचाते हैं, वहीं लीलावती ने अपने भाई के प्राणों की रक्षा के लिए अपने शरीर का महत्वपूर्ण अंग दान कर समूचे आदिवासी समाज का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है।
वहीं, सोनोत संताल समाज के संरक्षक रमेश टुडू ने लीलावती के जज्बे को सलाम करते हुए कहा, "लीलावती कुमारी का यह त्याग केवल एक परिवार की कहानी नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक जीवंत आदर्श है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि रिश्तों की डोर और मानवता से बढ़कर इस दुनिया में कुछ भी नहीं है। समाज की हर बेटी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
भाई-बहन के मिलन त्याग और इस पुनीत क्षण के साक्षी बनने के लिए खारियो स्टेशन पर रमेश टुडू, रतिलाल टुडू, अनिल टुडू, महालाल सोरेन, शंकर हेम्ब्रम,भुनेश्वर किस्कू, जीवन टुडू,महानंद किस्कू, छोटेलाल टुडू,अनिल टुडू,सहित बड़ी संख्या में केशलपुर एवं आसपास के ग्रामीण पलकें बिछाए और बाहें पसारे खड़े रहे। सभी ने योगेंद्र किस्कू के पूर्ण स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की।
धनबाद से युधिष्ठिर की रिपोर्ट














