पासवा का प्रतिभा सम्मान अभियान, मेडल और प्रमाणपत्र से नवाजे जाएंगे 65% से अधिक अंक पाने वाले छात्र
पासवा का प्रतिभा सम्मान अभियान, मेडल और प्रमाणपत्र से नवाजे जाएंगे 65% से अधिक अंक पाने वाले छात्र
निजी विद्यालयों के संगठन पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) ने वर्ष 2026 के मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक बड़े सम्मान कार्यक्रम की घोषणा की है। इस संबंध में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी 6 जुलाई 2026 को रांची के हरवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में राज्यस्तरीय छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव, महासचिव डॉ. राजेश गुप्ता, प्रवक्ता मेंहुल दूबे समेत संगठन के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आलोक कुमार दूबे ने कहा कि इस आयोजन में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षाओं में 65 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक छात्र-छात्राएं अपनी अंकतालिका व्हाट्सएप नंबर 9431109538, 943111 4487, 790371 4760, 8210351296 एवं alokdubey.ran@gmail.com के माध्यम से भेजकर पंजीकरण करा सकते हैं। संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया कि नामांकन से लेकर सम्मान प्राप्त करने तक किसी भी चरण में विद्यार्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
पासवा का मानना है कि केवल अत्यधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी ही प्रतिभावान नहीं होते, बल्कि मध्यम श्रेणी में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले छात्रों में भी उल्लेखनीय क्षमता होती है। इसी सोच के तहत संगठन उन विद्यार्थियों को मंच उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है, जिन्हें अक्सर पर्याप्त पहचान नहीं मिल पाती।
आयोजकों के अनुसार समारोह का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे होगा। इस दौरान चयनित विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के मनोबल को बढ़ाना और उन्हें आगे की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक चुनौतियों के लिए प्रेरित करना है।
दूबे ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होती हैं। ऐसे में सार्वजनिक मंच पर सम्मान मिलने से उनमें आत्मविश्वास का संचार होता है। उन्होंने बताया कि पासवा पिछले 13 वर्षों से लगातार प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर रहा है और इस पहल को छात्रों, अभिभावकों तथा शैक्षणिक संस्थानों का व्यापक समर्थन मिलता रहा है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संगठन ने बताया कि इसके मुख्य संरक्षक डॉ. रामेश्वर उरांव के मार्गदर्शन में व्यवस्थाएं अंतिम रूप दी जा रही हैं। समारोह में राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जबकि लोक कलाकार पद्मश्री मुकुंद नायक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा झारखंड के विभिन्न जिलों से 250 से अधिक स्कूलों के प्राचार्य और निदेशक भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
प्रेस वार्ता के अंत में आयोजन का आधिकारिक पोस्टर जारी किया गया। पासवा ने राज्य के पात्र विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।