रोहतास में दशमी के दिन बड़ी वारदात, हत्या और मौत से मची सनसनी
रोहतास जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार की सुबह हत्या और मौत से सनसनी फैल गई। पहली घटना करगहर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव से है, जहां एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या कर दी गई।

सासाराम : रोहतास जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार की सुबह हत्या और मौत से सनसनी फैल गई। पहली घटना करगहर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव से है, जहां एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या कर दी गई। वहीं दूसरी घटना दरिगांव थाना क्षेत्र के मां ताराचंडी धाम के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर हुई। यहां सड़क दुर्घटना में बाइक सवार व्यक्ति की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई।
खून से लथपथ मिला शव
जिले के करगहर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की हुई हत्या मामले में मृतक की पहचान डुमरा गांव निवासी स्वर्गीय राधाकिशुन तिवारी के 50 वर्षीय पुत्र जनार्दन तिवारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बीती रात जनार्दन तिवारी घर से खाना खाने के बाद खेत की तरफ निकले थे, लेकिन पूरी रात नहीं लौटे। इसके बाद मंगलवार की सुबह उनका शव गांव में दलित बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते पर खून से लथपथ मिला।
धारदार हथियार से हमला, जुटी भीड़
गांव में शव मिलने की खबर फैलते हीं हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक के चेहरे एवं सीने पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं, जिससे धारदार हथियार से हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि परिजनों ने किसी से दुश्मनी की बात से इनकार किया है।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं घटना की सूचना मिलते हीं मौके पर पहुंचे करगहर थानाध्यक्ष रामचंद्र चौपाल ने एफएसएल टीम की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने घटना के संदर्भ में परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ वारदात में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।
पश्चिम बंगाल के बाइक सवार युवक की मौत
इधर, राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दरिगांव थाना क्षेत्र के मां तारा चंडी धाम के समीप मंगलवार की सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के हुगली निवासी अमलनाथ दास के पुत्र मंटू दास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पश्चिम बंगाल के हुगली निवासी देबदुलाल रायचौधरी अपने मित्र मंटू दास के साथ बाइक से लंबी यात्रा पर निकले थे। दोनों बनारस से कोलकाता की ओर लौट रहे थे, तभी हाईवे के कट से अचानक एक ई-रिक्शा सामने आ गया और टोटो से बचने के प्रयास में बाइक असंतुलित हो गई। इस हादसे में बाइक सवार देबदुलाल राय चौधरी भी गंभीर रूप से घायल है, जिनका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट













