'बिहार में होगा 'कुशासन रूपी रावण' का दहन' तेजस्वी यादव ने बेरोजगारी, अपराध और भ्रष्टाचार पर साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दशहरा की शुभकामनाएं दी और कहा कि इस दशहरा हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि बिहार से बेरोज़गारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, सुखाड़ और कुशासन रूपी दशानन का दहन करेंगे।

देशभर में दशहरा धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर-शहर आज शाम रावण दहन होने वाला है। बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में आज दशहरा के मौके पर रावण वध कार्यक्रम होगा। इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दशहरा की शुभकामनाएं दी और कहा कि इस दशहरा हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि बिहार से बेरोज़गारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, सुखाड़ और कुशासन रूपी दशानन का दहन करेंगे।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजयादशमी एवं दशहरा की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। बेरोज़गारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, बाढ़, सुखाड़ और कुशासन रूपी दशानन बिहार को अंदर से खोखला कर रहा है।
प्रति व्यक्ति आय में बिहार देश का सबसे पिछड़ा राज्य बना हुआ है। अच्छे स्कूल, सड़क, अस्पताल इत्यादि जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी बिहार का एक बहुत बड़ा वर्ग वंचित है। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार लगभग 04 करोड़ बिहारवासी हर साल काम के अभाव में पलायन करते हैं। भरपूर पोषण और संतुलित आहार की कमी से देश भर में हमारे बिहार की माताओं, बहन-बेटियों में खून की सबसे अधिक कमी है तथा सबसे अधिक बच्चे बौनेपन के शिकार हैं। पिछले कुछ दिनों में सड़कों पर बेटियों के साथ हो रही दरिंदगी और कानून व्यवस्था का जनाजा तो पूरे देश ने देखा।
इस दशहरा हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि बिहार से बेरोज़गारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, बाढ़, सुखाड़ और कुशासन रूपी दशानन का दहन करेंगे तथा पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई एवं कार्रवाई वाली एक सुदृढ़ व्यवस्था की नींव रखेंगे। हर हाथ को काम मिले और हर घर फूले-फले। बिहार की देवतुल्य जनता के लिए मंगलकामनाओं सहित आप सभी को पुनः विजयादशमी एवं दशहरा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।













