पत्नी से कथित गाली-गलौज का विरोध पड़ा भारी, स्कूल के बाहर अभिभावक पर डंडे से हमला

रांची के सिमलिया स्थित लीवेंस स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में बच्चों को लेने पहुंचे एक अभिभावक पर डंडे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल अभिभावक की पहचान डॉ. दीपक कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने घटना को लेकर रातू थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
डॉ. दीपक कुमार के मुताबिक, स्कूल परिसर में उनकी पत्नी के साथ एक अन्य अभिभावक ने कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। इस व्यवहार पर आपत्ति जताने के बाद दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी। आरोप है कि इसके बाद संबंधित व्यक्ति स्कूल परिसर से बाहर चला गया और डंडा लेकर डॉ. दीपक कुमार के बाहर आने का इंतजार करने लगा।
शिकायत में बताया गया है कि स्कूल से बाहर निकलते ही आरोपी ने डॉ. दीपक कुमार के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। वार लगने से उनके सिर में गहरी चोट आई और काफी खून बहने लगा। घटना के दौरान वहां कई लोग मौजूद थे।
डॉ. दीपक कुमार ने पुलिस को मामले से जुड़े साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात कही है। उनका कहना है कि आरोपी की तस्वीर और उसके वाहन का नंबर भी पुलिस को दिया जाएगा, ताकि उसकी पहचान और कार्रवाई में मदद मिल सके। इधर, रातू थाना पुलिस ने लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों, प्रत्यक्षदर्शियों और आरोपी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।











