स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, DC-SSP ने किया परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण
धनबाद जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा।

धनबाद जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। 9 अगस्त से चल रहे परेड के पूर्वाभ्यास के अंतिम दिन यानी गुरुवार को उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने स्टेडियम पहुंचकर परेड के पूर्वाभ्यास और समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परेड का जायजा लिया और जहां भी त्रुटियां मिलीं, उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्टेडियम में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 15 अगस्त को उपायुक्त सुबह 9 बजे शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में झंडोत्तोलन करेंगे। इसके अलावा सुबह 7:30 बजे बंदोबस्त कार्यालय, 8 बजे उपायुक्त के आवासीय कार्यालय और 10 बजे धनबाद समाहरणालय में झंडोत्तोलन किया जाएगा।
मुख्य समारोह में डीएपी और एनसीसी के दो-दो प्लाटून के साथ सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, जेएपी, होमगार्ड, भारतीय स्काउट एंड गाइड और ग्रामीण पुलिस के एक-एक प्लाटून परेड में हिस्सा लेंगे। समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, 14 अगस्त की संध्या न्यू टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे जिले में ड्राई डे रहेगा।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट











