गढ़वा में नगरपालिका चुनाव 2026 की तैयारियों पर प्रेक्षकों की पैनी नजर, 50 वार्डों के लिए 89 मतदान केंद्र तय

गढ़वा में नगरपालिका चुनाव 2026 की तैयारियों पर प्रेक्षकों की पैनी नजर, 50 वार्डों के लिए 89 मतदान केंद्र तय

गढ़वा में नगरपालिका चुनाव 2026 की तैयारियों पर प्रेक्षकों की पैनी नजर, 50 वार्डों के लिए 89 मतदान केंद्र तय
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Feb 09, 2026, 4:22:00 PM

गढ़वा जिले में नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पहुंचे निर्वाचन प्रेक्षकों ने 9 फरवरी 2026 को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त दिनेश यादव ने की।

इस महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, जिले के तीनों नगर निकायों के निर्वाची पदाधिकारी और विभिन्न कोषांगों के नोडल अधिकारी भी मौजूद रहे। उपायुक्त दिनेश यादव ने एक-एक कर सभी नगर निकायों में नियुक्त प्रेक्षकों को अब तक किए गए कार्यों और व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी दी।

मतदान केंद्रों से लेकर प्रशिक्षण तक की तैयारियों पर चर्चा

बैठक के दौरान मतदान केंद्रों की स्थिति, मतदानकर्मियों के आवागमन की योजना, केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, वाहन व्यवस्था, प्रशिक्षण कार्यक्रम, चुनाव सामग्री, पोस्टल बैलेट और मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रेक्षकों को बताया गया कि जिले के तीनों नगर निकायों में कुल 50 वार्डों के लिए चुनाव कराया जाना है। इसके लिए 89 मतदान केंद्रों का गठन किया गया है। वहीं जिले में शस्त्र सत्यापन की प्रक्रिया भी लगातार जारी है।

व्यय निगरानी के लिए गठित हुईं विशेष टीमें

जिला प्रशासन ने चुनावी खर्च पर नजर रखने के लिए व्यय कोषांग के माध्यम से एफएसटी, एसएसटी और वीएसटी टीमों का गठन कर निगरानी कार्य शुरू कर दिया है।

तीन चरणों में होगा मतदानकर्मियों का प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कोषांग की ओर से नगरपालिका चुनाव में तैनात कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहला प्रशिक्षण सत्र 7 फरवरी को पूरा हो चुका है, जबकि दूसरा और तीसरा चरण क्रमशः 16 फरवरी एवं 19 फरवरी को आयोजित किया जाएगा।

कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रेक्षक रहे उपस्थित

बैठक में उप विकास आयुक्त-सह-नोडल पदाधिकारी पशुपतिनाथ मिश्रा, गढ़वा नगर परिषद (वर्ग–ख) के सामान्य प्रेक्षक रविंद्र गागराई व व्यय प्रेक्षक नवनीत कुमार सिंह, श्री बंशीधर नगर पंचायत के सामान्य प्रेक्षक दिनेश कुमार रंजन व व्यय प्रेक्षक अंशु कुमार यादव, मझिआंव नगर पंचायत के सामान्य प्रेक्षक लखीराम बास्के व व्यय प्रेक्षक अरुण कुमार एक्का उपस्थित रहे।

इसके अलावा आर.ओ. गढ़वा नगर परिषद राज महेश्वरम, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, आर.ओ. मझिआंव संजय कुमार, आर.ओ. श्री बंशीधर नगर प्रभाकर मिर्धा, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग के नोडल अधिकारी रुद्र प्रताप, सामग्री कोषांग के रवीश राज, परिवहन कोषांग के धीरज प्रकाश, प्रशिक्षण कोषांग के सुशील कुमार राय और मीडिया व एमसीएमसी कोषांग के पंकज कुमार गिरी सहित अन्य कोषांगों के नोडल पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।