मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आगाज, राज्यपाल ने कहा-'मीडिया' समाज का सजग प्रहरी

मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आगाज, राज्यपाल ने कहा-'मीडिया' समाज का सजग प्रहरी

मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आगाज, राज्यपाल ने कहा-'मीडिया' समाज का सजग प्रहरी
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Feb 04, 2026, 5:10:00 PM

रांची के जे.के. इंटरनेशनल क्रिकेट अकादमी (अगरु, रातू) में रांची प्रेस क्लब की ओर से आयोजित “मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट–2026” का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि मीडिया समाज का सजग प्रहरी है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी भूमिका बेहद अहम है।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल खबरें देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनमानस को जागरूक करने और लोकतंत्र को मजबूती देने का बड़ा माध्यम है। उन्होंने मीडिया से जुड़े लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार दिन-रात मेहनत कर जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का दायित्व निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि मीडिया कप जैसे आयोजन सिर्फ खेल या मनोरंजन नहीं हैं, बल्कि ये कार्यक्रम आपसी सौहार्द, समन्वय और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।

राज्यपाल ने क्रिकेट को जीवन से जोड़ते हुए कहा कि यह खेल धैर्य, रणनीति और टीमवर्क का महत्व सिखाता है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत में भी झारखंड की खेल प्रतिभाओं की संभावनाओं पर चर्चा हुई थी। इस दौरान यह बात सामने आई कि यदि खिलाड़ियों को कम उम्र से प्रोत्साहन और बेहतर अवसर मिलें, तो राज्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है।

खेलों के विकास में मीडिया की भूमिका पर जोर देते हुए राज्यपाल ने कहा कि जब मीडिया किसी खिलाड़ी की सफलता को प्रमुखता देता है, तो वह खबर हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन जाती है और नई प्रतिभाओं को पहचान मिलती है।

उन्होंने अपने निजी अनुभव साझा करते हुए कहा कि पत्रकारों से उनके पुराने और आत्मीय संबंध रहे हैं तथा बरेली जनपद के पत्रकार साथी आज भी उनसे मिलने आते हैं।

राज्यपाल ने विश्वास जताया कि यह टूर्नामेंट मीडिया जगत के लोगों के बीच सहयोग, सकारात्मक संवाद और आपसी संबंधों को और मजबूत करेगा। उन्होंने हाल ही में संपन्न रांची प्रेस क्लब चुनाव में निर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी समिति के सदस्यों को बधाई दी। समारोह के दौरान राज्यपाल ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।