'नीतीश कुमार को मिला है मैंडेट' गरजे संजय झा-'JDU को इग्नोर कर कोई सरकार नहीं चला सकता' निशांत कुमार...
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सरकार में जदयू की भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया है। संजय झा ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के चेहरे पर लड़ा गया और मैंडेट भी उन्हीं के नाम पर मिला है।

जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सरकार में जदयू की भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया है। संजय झा ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के चेहरे पर लड़ा गया और मैंडेट भी उन्हीं के नाम पर मिला है। इसलिए कोई भी जेडीयू को इग्नोर कर सरकार नहीं चला सकता है। संजय झा ने साफ-साफ़ कहा कि जेडीयू को नजरअंदाज करके बिहार की राजनीति नहीं की जा सकती। संजय झा के इस बयान के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
दरअसल फरक्का जल संधि के मुद्दे पर जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि बिहार के हितों से समझौता किसी कीमत पर स्वीकार नहीं होगा। जेडीयू के ‘फरक्का जल संधि पर नीतिगत संवाद’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वर्ष 1996 में भारत और बांग्लादेश के बीच हुई फरक्का जल संधि बिहार के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संधि का नवीनीकरण नहीं होना चाहिए। बेगूसराय में फरक्का डैम के मुद्दे पर सभा को संबोधित करते हुए संजय झा ने कहा कि बिहार के हित का ख्याल रखना ही होगा। उनके नेता के लिए बिहार का हित हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है।
संजय झा ने कहा कि जेडीयू बिहार में खूंटा ठोककर राजनीति करती है। उन्होंने दावा किया कि जेडीयू के बिना बिहार की राजनीति नहीं हो सकती है। पार्टी को लेकर सवाल खड़े करने वालों को करारा जाब देते हुए संजय झा ने कहा कि कुछ लोग जेडीयू को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं, लेकिन वे मुगालते में हैं। उन्होंने कहा कि जेडीयू की बिहार की राजनीति में मजबूत भूमिका है और पार्टी को नजरअंदाज करना आसान नहीं है। संजय झा ने कहा कि विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के चेहरे पर लड़ा गया और जनता ने उनके नाम पर वोट किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव का मैंडेट भी नीतीश कुमार के नाम पर मिला है।
वहीं जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने मंत्री निशांत कुमार को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार मंत्री बनकर अच्छा काम कर रहे हैं। संजय झा ने कहा कि आने वाले समय में निशांत कुमार संगठन को भी देखेंगे और वह जेडीयू के भविष्य हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में निशांत कुमार बिहार की यात्रा करेंगे।
फरक्का जल संधि के मुद्दे पर जेडीयू के तेवर पर संजय झा ने कहा कि फरक्का जल संधि के कारण बिहार का जल प्रबंधन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और राज्य गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है। बिहार की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इस विषय पर अभी से ठोस नीति बननी चाहिए। वहीं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष इस विषय को मजबूती से उठा रहे हैं और सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।










