स्वतंत्रता दिवस पर खाकी का सम्मान, CM सोरेन ने पुलिसकर्मियों को सेवा पदक से नवाज़ा

रांची के मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित राजकीय समारोह में झारखंड पुलिस के अधिकारियों और जवानों को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिसकर्मियों को वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय योगदान के लिए विभिन्न पदक प्रदान किए।
समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को पदक से नवाजा गया। इनमें पुलिस महानिरीक्षक डॉ. माइकल राज एस और पुलिस उपमहानिरीक्षक अनुरंजन केस्पोट्टा शामिल रहे। इसके अलावा डीएसपी मनोज कुमार राय, विशेष शाखा के डीएसपी नीरज कुमार, पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार और पुलिस निरीक्षक अस कुमार मोदी को भी सेवा पदक प्रदान किया गया।
जवानों और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को भी सम्मान
पुलिस विभाग के निचले स्तर पर कार्यरत अधिकारियों और जवानों के योगदान को भी समारोह में मान्यता दी गई। एसटीएफ रांची के एएसआई अरविंद कुमार पाले और संजीव कुमार झा, रांची के दीपक तथा सीआईडी के महेंद्र महतो को पदक मिला। एसटीएफ के चालक हवलदार मोहम्मद इकबाल (197), विराय मुंड्री (228) और हवलदार विजय थापा (235) को भी सम्मानित किया गया। वहीं महिला आरक्षी प्रभा देवी (536), महिला हवलदार रंजीता पुजू और गढ़वा के आरक्षी विदेशी माजी (101) को भी सेवा पदक प्रदान किए गए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आकर्षक परेड का भी आयोजन किया गया। वर्ष 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने फर्स्ट कमांड के तौर पर परेड का नेतृत्व किया। सेकंड इन कमांड की जिम्मेदारी दानिशूल ने संभाली, जबकि अनीश मोहित परिचारी के रूप में शामिल रहे। इस बार परेड की खासियत यह रही कि इसमें ओडिशा पुलिस की मेहमान प्लाटून ने भी हिस्सा लिया। प्लाटून का नेतृत्व निरीक्षक दीपक बाबरी ने किया। उनके योगदान के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।












