झारखंड में योजनाओं का हिसाब-किताब! सदन में आज पेश होंगी CAG की 5 रिपोर्टें

झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की पांच महत्वपूर्ण रिपोर्टें सदन के पटल पर रखी जाएंगी। इन रिपोर्टों में राज्य में संचालित प्रमुख केंद्र प्रायोजित योजनाओं के साथ-साथ प्रदेश की वित्तीय स्थिति और राजस्व से संबंधित रिपोर्टें शामिल हैं।
सदन में पेश होने वाली रिपोर्टों में जल जीवन मिशन, मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े ऑडिट निष्कर्ष शामिल हैं। इन रिपोर्टों के जरिए योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों की स्थिति और सरकारी धन के इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जानकारी सामने आएगी।
योजनाओं में खर्च और अनियमितताओं का भी ब्योरा
जल जीवन मिशन, मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित CAG रिपोर्टों में योजनाओं की प्रगति के साथ उनके उद्देश्यों की पूर्ति का आकलन किया गया है। इसके अलावा योजनाओं के संचालन में सामने आई कथित अनियमितताओं और खर्च से जुड़े विवरण भी रिपोर्ट का हिस्सा हैं।
इन रिपोर्टों के विधानसभा में पेश होने के बाद संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन और वित्तीय प्रबंधन को लेकर सदन में चर्चा का रास्ता खुल सकता है। CAG की इन पांच रिपोर्टों को विधानसभा में रखने के प्रस्ताव को राज्य कैबिनेट की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। इसके बाद अब मानसून सत्र में इन्हें सदन के समक्ष पेश किया जाएगा।











