'उसने मां राबड़ी को पीटा था' तेजप्रताप ने पत्नी ऐश्वर्या से अलग होने का खोला राज, फिर शादी करेंगे?
तेज प्रताप यादव ने जियोहॉटस्टार के रिएलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में अपने पर्सनल लाइफ के बारे में खुलकर बात की है। तेजप्रताप यादव ने यह भी बताया कि आखिर उन्होंने ऐश्वर्या से तलाक लेने का फैसला क्यों लिया।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने जियोहॉटस्टार के रिएलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में अपने पर्सनल लाइफ के बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने अपनी पत्नी और अपने बीच चल रहे विवाद पर बड़ा खुलासा किया है। जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने यह भी बताया कि आखिर उन्होंने ऐश्वर्या से तलाक लेने का फैसला क्यों लिया। पत्नी ऐश्वर्या राय से वो अलग हो चुके हैं। ऐसे में सवाल है क्या तेज प्रताप फिर से घर बसाने की सोच रहे हैं ? तेजप्रताप यादव ने इन सब सवालों का खुलकर जवाब दिया है।
तेज प्रताप यादव ने ऐश्वर्या राय पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि वह मंदिर जाने नहीं देती थी। तेज प्रताप यादव ने कहा-हमारे बीच बनी नहीं इसलिए मामला गड़बड़ा गया। अभी केस चल रहा है। मामला कोर्ट में है। देखिए हम पूजा पाठ करने वाले इंसान हैं और उनको वो पसंद नहीं था। रोक टोक करती थीं। मंदिर जाने नहीं देती थी।
वहीं तेज प्रताप ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि ऐश्वर्या राय ने मेरी माता जी को मारा था। उस समय दो-तीन विधायक वहीं मौजूद थे। ऐश्वर्या राय के मारपीट के आरोपों पर तेज प्रताप ने कहा कि आरोप तो कोई भी लगा सकता है। इसका सबूत क्या है? उन्होंने जब मेरी माता जी को मारा था तो दो-तीन विधायक वहीं मौजूद थे। मेरे पास भी वीडियो है। सीसीटीवी में सब कुछ रिकॉर्ड है। उनकी सारे हरकतें रिकॉर्ड हुई हैं। मैंने कोर्ट में दे दिए हैं सारे सबूत।
वहीं जब तेज प्रताप यादव से पूछा गया कि क्या वह ऐश्वर्या राय से तलाक लेने के बाद दोबारा शादी करेंगे? तेज प्रताप ये सवाल सुनकर मौन हो गए. वो मुंह नीचे करके कुछ सोचने लगे। फिर उन्होंने कहा-सोचा जाएगा। अभी तो दिमाग में बस इतना है कि जनता की सेवा करना है। शादी जब होगा तब होगा। हम इस बारे में सोचते नहीं हैं। वीडियो में तेज प्रताप ने कहा कि उन्हें जिंदगी में किसी बात का अफसोस नहीं है। जो होना था वो हो गया।
बता दें कि तेज प्रताप यादव की मई 2018 में पूर्व सीएम दारोगा प्रसाद राय की पोती ऐश्वर्या राय संग भव्य शादी शादी हुई थी। लेकिन ये रिश्ता ज्यादा दिन नहीं चला। शादी के कुछ महीनों बाद ही पारिवारिक कलेश देखने को मिला। रिश्ता टूटने के बाद दोनों अलग रहने लगे। उनके तलाक का केस अभी कोर्ट में चल रहा है। वह 2019 का ही समय था जब ऐश्वर्या ने आरोप लगाया था कि राबड़ी देवी ने उनके बाल खींचकर उन्हें मारा है और उनके गार्ड ने भी मुझे मारा है।
इसके बाद चंद्रिका राय और उनकी पत्नी दल-बल के साथ राबड़ी देवी के आवास पर पहुंच गए थे। तेज प्रताप यादव ने भी ऐश्वर्या पर आरोप लगाए थे। ये मामला इतना बढ़ा कि तलाक तक पहुंच गया। तलाक के बीच तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के वीडियोज और फोटोज वायरल होने लगे थे। जिसको लेकर ऐश्वर्या ने कहा था-सब को अफेयर की जानकारी थी तो मेरी शादी क्यों कराई थी। मैं ये पूछना चाहती हूं कि जब इन लोगों को पता था कि ऐसी बात है तो मेरी शादी क्यों कराई। मेरी जिंदगी क्यों बर्बाद की?'











