झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण: हर ELC में अनिवार्य रूप से चलेगा जागरूकता अभियान
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने गुरुवार को राज्य के सभी प्रमंडलों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के समन्वयकों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उच्चस्तरीय बैठक की।

रांची: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने गुरुवार को राज्य के सभी प्रमंडलों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के समन्वयकों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने राज्य में मतदाता जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया।
बैठक की मुख्य बातें और निर्देश:
ELC गठन का लक्ष्य: राज्य में 5,535 इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) गठित करने के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 4,461 ELC का गठन किया जा चुका है और वे सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
अनिवार्य जागरूकता अभियान:
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि एसआईआर (SIR) अवधि के दौरान प्रत्येक ELC स्तर पर कम-से-कम एक विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम अवश्य चलाया जाए। इन गतिविधियों का सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए।
पात्रता और पंजीकरण:
1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना सुनिश्चित किया जा रहा है।
ECINET ऐप का उपयोग:
युवाओं को फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरकर ऑनलाइन माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए 'ECINET ऐप' के प्रति प्रेरित करने पर विशेष बल दिया गया।
फेक न्यूज और भ्रामक जानकारियों पर रोक: सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं के विरुद्ध तथ्यपरक जानकारी का प्रसार करने और नागरिकों को सही प्रक्रिया समझाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि केवल पात्र नागरिकों के नाम ही नियमानुसार सूची में जोड़े जाएंगे।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान:
आगामी 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले ELC को जिला और राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले ELC का नाम राष्ट्रीय स्तर (नई दिल्ली) के कार्यक्रम के लिए नॉमिनेट किया जाएगा।
इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सहित विभिन्न प्रमंडलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और ELC कोऑर्डिनेटर उपस्थित रहे।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट













