JPSC-JSSC बवाल के बाद भाजपा का झारखंड बंद, हरमू चौक पर JCB पर चढ़े कार्यकर्ता

JPSC-JSSC छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस कार्रवाई और कथित लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को झारखंड बंद का असर राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में नजर आ रहा है। सुबह से ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
रांची के कई प्रमुख इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर और लकड़ियां जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रातू रोड, किशोरगंज चौक और हरमू चौक पर कार्यकर्ताओं ने सड़क के एक हिस्से को अवरुद्ध कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
हरमू चौक पर प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता जेसीबी पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की। वहीं किशोरगंज चौक पर भी टायर और लकड़ियां जलाकर विरोध दर्ज कराया गया। बंद के कारण राजधानी की सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में वाहनों की आवाजाही कम दिखाई दे रही है। कई स्थानों पर प्रदर्शन और सड़क अवरोध के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है।
सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट
बंद को देखते हुए रांची में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों और उन स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है, जहां प्रदर्शन की संभावना है। प्रशासन की नजर बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने पर है।











