छात्रों की घर वापसी के लिए प्रशासन की पहल, परिवहन की परेशानी पर मिलेगा तत्काल सहयोग

रांची में छात्र आंदोलन में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों से पहुंचे छात्रों की वापसी को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। आंदोलन समाप्त होने के बाद अपने-अपने घर लौट रहे छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने जरूरत के अनुसार परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की है।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के अलावा सामूहिक रूप से आसपास के जिलों की ओर जाने वाले छात्रों के लिए भी परिवहन की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि बाहर से रांची पहुंचे किसी भी छात्र को घर लौटने के लिए अकेले या असहाय स्थिति में भटकना न पड़े, इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।
छात्रों के लिए हेल्पलाइन जारी
छात्रों की मदद के लिए जिला प्रशासन ने 9162738438 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। दूसरे जिलों से आए छात्र घर लौटने के दौरान परिवहन या अन्य जरूरी सहायता के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। सूचना मिलने के बाद प्रशासन की ओर से आवश्यकता के अनुरूप सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशासन ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा और सकुशल घर वापसी प्राथमिकता में है। किसी भी परेशानी की स्थिति में छात्रों से प्रशासन से संपर्क करने की अपील की गई है। जिला प्रशासन ने आंदोलन में शामिल छात्रों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से अपने घरों के लिए रवाना हों। साथ ही परिवहन से संबंधित किसी भी समस्या या अन्य आवश्यक सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने को कहा गया है।











