जेएनयू प्रकरण पर भाजपा महिला मोर्चा ने किया कांग्रेस भवन का घेराव, सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन
जेएनयू के प्रोफेसर एवं कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े यौन उत्पीड़न प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा, के द्वारा कांग्रेस भवन, रांची के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

रांची: जेएनयू के प्रोफेसर एवं कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े यौन उत्पीड़न प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा, के द्वारा कांग्रेस भवन, रांची के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ता जिला स्कूल मैदान, शहीद चौक से हाथों में तख्तियां एवं पार्टी के झंडे लेकर जुलूस के रूप में निकलीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस चुप्पी तोड़ो, जेएनयू की घटना पर जवाब दो और राहुल गांधी शर्म करो जैसे नारे लगाते हुए कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही की मांग की।
कांग्रेस भवन पहुंचने पर प्रदर्शनकारी महिला कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बैरिकेडिंग पार करने के प्रयास के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ नोक-झोंक भी हुई। इसके बाद महिला कार्यकर्ता धरने पर बैठ गईं और घंटों नारेबाजी करते हुए कांग्रेस पार्टी एवं राहुल गांधी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में पितृसत्तात्मक व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाते हैं और प्रियंका गांधी का नारा है “लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ!” लेकिन सवाल यह है कि जब महिलाओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला सामने आता है, तो कांग्रेस नेतृत्व की आवाज धीमी क्यों पड़ जाती है?
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को दूसरों को महिला सम्मान और समानता का पाठ पढ़ाने से पहले अपनी पार्टी से जुड़े गंभीर मामलों पर भी स्पष्ट रुख दिखाना चाहिए। प्रियंका गांधी द्वारा ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ का नारा दिलाने वाली कांग्रेस बताए कि महिला सम्मान के सवाल पर उसकी जवाबदेही कहां है? सिंह ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का विषय किसी राजनीतिक दल के लिए केवल नारेबाजी का माध्यम नहीं हो सकता। कांग्रेस नेतृत्व को इस प्रकरण पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। महिला सम्मान पर दोहरा मापदंड नहीं चलेगा। महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर भाजपा महिला मोर्चा अपनी आवाज लगातार बुलंद करता रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एवं राहुल गांधी JNU प्रकरण पर बेनकाब हो चुकी है।
मौके पर रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी महिलाओं के अधिकारों और समानता की बात करते हैं, ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। महिला सम्मान पर बड़ी-बड़ी बातें करना और जवाबदेही के समय मौन साध लेना, आखिर यह दोहरा रवैया कब तक चलेगा?
इस घेराव सह विरोध प्रदर्शन में भाजपा ,महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, पायल सोनी, अनीता वर्मा, कुमुद झा, निशि जयसवाल, रंजिता सिंह, सुप्रिया दुबे, दिव्या साहू, गीता गुप्ता, लवली पाठक, मंजू चौरसिया, बबीता साहू, डोली जयसवाल, सुनीता सोनी, रेनू सिंह, किरण देवी, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, संकेत तिवारी, नीरज चौधरी सहित सैकड़ों महिला एवं दर्जनों पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहें।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट













