कांग्रेस ने निकाली मोदी-शाह के पुतले की शवयात्रा, किया दहन
दिल्ली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी सांसदों के साथ कथित बल प्रयोग के विरोध में बोकारो में शनिवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया।

बोकारो: दिल्ली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी सांसदों के साथ कथित बल प्रयोग के विरोध में बोकारो में शनिवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। शनिवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहरलाल महथा के नेतृत्व में नया मोड़ स्थित बिरसा चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के पुतलों की शवयात्रा निकालकर उनका दहन किया गया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा और विपक्ष की आवाज दबाने के कथित प्रयासों के खिलाफ अपना विरोध जताया। जवाहरलाल महथा ने आरोप लगाया कि देश में संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता प्रभावित की जा रही है और जनता के मताधिकार का हनन हो रहा है। उन्होंने मौजूदा हालात को अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बताते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आंदोलन करने का आह्वान किया। प्रदर्शन में जमील अख्तर, नितेश भारद्वाज, अशोक मिश्रा समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट













