रांची के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) कुमार रजत ने कांटाटोली-सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य परियोजना की प्रगति की समीक्षा कर निर्माण कार्य को तय समयसीमा में पूरा कराना था।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने फ्लाईओवर निर्माण से जुड़े प्रमुख बिंदुओं, जैसे भू-अर्जन, भवन स्थानांतरण, यूटिलिटी शिफ्टिंग और ट्रैफिक प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिया कि आपसी तालमेल के साथ काम करते हुए निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जाए, ताकि परियोजना निर्धारित समय पर पूरी हो सके।
निरीक्षण के क्रम में निर्माण में आ रही बाधाओं पर भी चर्चा की गई और उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को लेकर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने कहा कि परियोजना पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर आम लोगों को जल्द राहत और बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
वहीं जन शिकायतों के लिए रांची जिला प्रशासन ने अपना आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया है।