नो एंट्री में पिकअप वाहनों से अवैध वसूली करते दो गृहरक्षक कैमरे में कैद, वीडियो वायरल के बाद मचा हड़कंप
पलामू। दुर्गा पूजा विसर्जन के दिन बुधवार की रात चैनपुर थाना क्षेत्र के नेउरा मोड़ पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नो एंट्री लागू की गई थी। इस दौरान ट्रैफिक नियंत्रण की जिम्मेदारी गृहरक्षकों को सौंपी गई थी।

मेदिनीनगर, पलामू। दुर्गा पूजा विसर्जन के दिन बुधवार की रात चैनपुर थाना क्षेत्र के नेउरा मोड़ पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नो एंट्री लागू की गई थी। इस दौरान ट्रैफिक नियंत्रण की जिम्मेदारी गृहरक्षकों को सौंपी गई थी। लेकिन इसी ड्यूटी के दौरान दो गृहरक्षकों द्वारा पिकअप वाहन चालकों से अवैध वसूली करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
वीडियो में क्या दिखा
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नो एंट्री के दौरान गुजरने वाले पिकअप चालकों को रोककर उनसे 50 और 100 रुपये की मांग की जा रही है। एक चालक 50 रुपये देने की कोशिश करता है, लेकिन गृहरक्षक 100 रुपये की मांग पर अड़ जाते हैं। पैसे नहीं देने पर चालक को आगे जाने से रोका जा रहा है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने गाड़ी के अंदर से पूरी घटना को रिकॉर्ड कर लिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि विसर्जन के कारण देर रात तक भारी वाहनों की आवाजाही थी। इसी का फायदा उठाकर तैनात गृहरक्षक चालकों से जबरन वसूली कर रहे थे।
नियम पालन कराने वालों पर ही लगे आरोप
यातायात नियमों का पालन करवाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिन सुरक्षाकर्मियों को दी गई थी, उन्हीं पर अब अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा है और सवाल उठ रहे हैं कि अगर नो एंट्री में ही इस तरह की वसूली होगी तो आम आदमी कहां जाएगा।
अधिकारियों का बयान
इस मामले में गृहरक्षक पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार से संपर्क किया गया। उन्होंने कहा कि "अभी तक यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया था। वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। वीडियो के आधार पर दोनों गृहरक्षकों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"
स्थानीय लोगों की मांग
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने मांग की है कि नो एंट्री और चेकिंग प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। साथ ही दोषी गृहरक्षकों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट













