मध्य विद्यालय को उत्क्रमित कर उच्च विद्यालय करने की मांग, बेटियों की सुरक्षा-पढ़ाई को लेकर चिंता
(पलामू): स्थानीय प्रखंड के टोंगरा मध्य विद्यालय को उत्क्रमित कर उच्च विद्यालय का दर्जा देने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस विद्यालय में 400 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

हुसैनाबाद (पलामू): स्थानीय प्रखंड के टोंगरा मध्य विद्यालय को उत्क्रमित कर उच्च विद्यालय का दर्जा देने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस विद्यालय में 400 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। लेकिन माध्यमिक शिक्षा की व्यवस्था न होने के कारण बच्चों को आठवीं के बाद आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे गांवों या दूरदराज के विद्यालयों का रुख करना पड़ रहा है। इस सबंध में व्यापार मंडल अध्यक्ष समाजसेवी कृष्णा बैठा व स्थानीय ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक पहल करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि टोंगरा मध्य विद्यालय क्षेत्र का एक पुराना शिक्षण संस्थान है। यहां विद्यार्थियों की संख्या हमेशा अच्छी खासी रहती है। विद्यालय परिसर के पास दो एकड़ से अधिक सुरक्षित भूमि उपलब्ध है। बावजूद हाईस्कूल का दर्जा नहीं मिलने से बच्चों को उनके ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मध्य विद्यालय की पढ़ाई पूरी करने के बाद जब बच्चों को दूर के विद्यालयों में जाना पड़ता है। तो उनके सामने आवागमन की गंभीर समस्या खड़ी हो जाती है।
अभिभावकों को भी खासकर बेटियों की सुरक्षा व उनकी पढ़ाई को लेकर चिंता रहती है। समाजसेवी कृष्णा बैठा का कहना है कि यदि टोंगरा मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय में अपग्रेड कर दिया जाता है। तो इससे न केवल टोंगरा बल्कि आसपास के कई अन्य गांवों के बच्चों को भी अपने ही क्षेत्र में माध्यमिक शिक्षा सुलभ हो सकेगी। इससे अभिभावकों की चिंता और आर्थिक बोझ दोनों कम होंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि उत्क्रमित उच्च विद्यालय बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट













