Google Pay ठीक कराने के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल हैक, 1.35 लाख की साइबर ठगी
पलामू जिला के हुसैनाबाद में गूगल पे की तकनीकी समस्या दूर कराने के नाम पर साइबर ठगों ने एक दुकानदार के बैंक खाते से एक लाख 34 हजार 999 रुपए की निकासी कर ली।

पलामू : पलामू जिला के हुसैनाबाद में गूगल पे की तकनीकी समस्या दूर कराने के नाम पर साइबर ठगों ने एक दुकानदार के बैंक खाते से एक लाख 34 हजार 999 रुपए की निकासी कर ली। मामले में जवाहिर साव गली, वार्ड संख्या-8 निवासी दिनेश कुमार आनंद 54 वर्ष ने हुसैनाबाद थाना में दो अक्टूबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज कराई है।
14 अक्टूबर 2026 को उनकी दुकान में लगा गूगल पे स्कैनर काम नहीं कर रहा था
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को उनकी दुकान में लगा गूगल पे स्कैनर काम नहीं कर रहा था। इसके बाद उन्होंने कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया। कुछ देर बाद नमन गुप्ता नामक व्यक्ति ने फोन कर व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने को कहा। फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल करीब एक घंटे तक हैक रहा। बाद में जांच करने पर उनके बैंक खाते से तीन बार में 85 हजार, 35 हजार और 14,999 रुपए की निकासी हुई।
साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई है
पीड़ित के अनुसार, HDFC बैंक खाता संख्या 5010XXXXXX8346 से 85 हजार रुपए महेंद्र अहीरवार के नाम पर और एसबीआई खाता संख्या 3081XXXX081 से 35 हजार और 14,999 रुपए साहीबा साहीबा के नाम पर ट्रांसफर किए गए। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत संख्या 33410560018238 है। वहीं हुसैनाबाद पुलिस भुक्तभोगी के दिए आवेदन के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन में जुट गई।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट











