ग्रामीण बैंक में लूट की कोशिश नाकाम, बैंक प्रबंधक और कर्मी की बहादुरी से टली लाखों की लूट
मेदिनीनगर : पलामू जिले में बैंककर्मियों की सतर्कता और बहादुरी के कारण सोमवार को लूट की एक बड़ी वारदात टल गई। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के आढ़त रोड स्थित झारखंड ग्रामीण बैंक की शाखा में दिनदहाड़े एक हथियारबंद अपराधी ने लूटपाट की कोशिश की।

मेदिनीनगर : पलामू जिले में बैंककर्मियों की सतर्कता और बहादुरी के कारण सोमवार को लूट की एक बड़ी वारदात टल गई। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सबसे व्यस्त इलाके आढ़त रोड स्थित झारखंड ग्रामीण बैंक की शाखा में दिनदहाड़े एक हथियारबंद अपराधी ने लूटपाट की कोशिश की, लेकिन बैंक प्रबंधक और एक कर्मी के साहस के आगे वह घबरा कर भाग खड़ा हुआ।
ऐसे हुई घटना
प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक सूत्रों के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच एक युवक मास्क और टोपी लगाकर ग्राहक बनकर बैंक में दाखिल हुआ। उस समय बैंक में शाखा प्रबंधक धनंजय शर्मा, कैशियर और एक मैसेंजर सहित कुछ ग्राहक मौजूद थे।अपराधी ने पहले काउंटर पर जाकर खाते से पैसे निकालने की बात कही। जैसे ही बैंककर्मी प्रक्रिया में लगे, उसने अचानक कमर से पिस्टल निकाल ली और लूटपाट शुरू कर दी। पिस्टल देखकर बैंक में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
बैंक प्रबंधक ने दिखाई हिम्मत
इसी दौरान शाखा प्रबंधक धनंजय शर्मा और एक अन्य बैंककर्मी ने सूझबूझ दिखाते हुए अपराधी का विरोध किया। दोनों ने उसे पकड़ने की कोशिश की और शोर मचाया। बैंककर्मियों के अचानक प्रतिरोध से अपराधी घबरा गया। आनन-फानन में वह अपने हाथ में आई नकदी और पिस्टल को काउंटर पर ही छोड़कर बैंक से बाहर भाग निकला।यदि समय पर विरोध नहीं किया जाता तो अपराधी बैंक से लाखों रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लूट कर ले जा सकता था।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही मेदिनीनगर शहर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बैंक परिसर की जांच की और मौजूद कर्मियों व ग्राहकों से पूछताछ की। बैंक के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि अपराधी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधी के हुलिए के आधार पर आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है।
इलाके में दहशत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
दिनदहाड़े बैंक में हुई इस घटना के बाद आढ़त रोड और आसपास के बाजारों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बैंक और बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। बैंककर्मियों की इस बहादुरी की हर तरफ सराहना हो रही है। बैंक प्रबंधन ने भी प्रबंधक धनंजय शर्मा और अन्य कर्मी के साहस की प्रशंसा की है।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट













