132 गांवों की ग्राम विकास योजनाओं को मिली मंजूरी
पलामू जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत जिले के सभी प्रखंडों के 127 गांवों के लिए कुल 78 करोड़ 29 लाख 28 हजार 428 रुपये की ग्राम विकास योजना को मंजूरी दी गई।

पलामू: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय अभिसरण समिति (DLCC) की बैठक आयोजित की गयी। समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (PMAGY) के तहत जिले के 127 गांवों तथा आदर्श ग्राम योजना (AGY) के तहत 5 गांवों की ग्राम विकास योजना (VDP) का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।
बैठक में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत जिले के सभी प्रखंडों के 127 गांवों के लिए कुल 78 करोड़ 29 लाख 28 हजार 428 रुपये की ग्राम विकास योजना को मंजूरी दी गई। इसमें गैप फिलिंग फंड (GFF) के तहत प्रति गांव 20 लाख रुपये का प्रावधान शामिल है। इन योजनाओं के माध्यम से संबंधित गांवों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को दूर करने तथा विकास कार्यों को गति देने की दिशा में पहल की जाएगी।
वहीं,आदर्श ग्राम योजना के तहत जिले के पांच गांवों के लिए आजीविका आधारित योजनाओं को मंजूरी दी गई। इनमें विश्रामपुर प्रखंड के भंडार, हुसैनाबाद प्रखंड के कुसुआ, मेदिनीनगर प्रखंड के सुआ, नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड के एरुआ तथा पाटन प्रखंड के करर कलां गांव शामिल हैं। इन गांवों में व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं के लिए प्रति गांव 10 लाख रुपये तथा समूह आधारित लाभ की योजनाओं के लिए प्रति गांव 25 लाख रुपये की ग्राम विकास योजना का अनुमोदन किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संबंधित गांवों में गैप फिलिंग फंड के तहत स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक राशि की मांग को लेकर संबंधित विभाग को अधियाचना भेजी जाएगी। इससे गांवों में चिह्नित विकास संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने तथा आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त मो. सादात अनवर, मेदिनीनगर के अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय, हुसैनाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM), परियोजना पदाधिकारी विमलेश विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट













