राधे-कृष्ण मंदिर में धूमधाम से मना जन्माष्टमी, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जामताड़ा जिला के नाला प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित प्रसिद्ध राधे-कृष्ण मंदिर में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

जामताड़ा जिला के नाला प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित प्रसिद्ध राधे-कृष्ण मंदिर में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के पुरोहित हिंकू चटर्जी के सानिध्य में विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूजा के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
मंदिर के बारे में जानकारी देते हुए पुजारी हिंकू चटर्जी ने बताया कि डॉ. राधु मंडल द्वारा निर्मित यह मंदिर लगभग 5 वर्ष पूर्व बनाया गया है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां हजारों देवी-देवताओं की मूर्तियों को झांकी के रूप में सजाया गया है, जो देखने में अत्यंत आकर्षक और मनमोहक लगता है।
उन्होंने बताया कि हर साल जन्माष्टमी के अवसर पर यहां हजारों श्रद्धालु पूजा करने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नत भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से अवश्य पूर्ण होती है। आसपास के क्षेत्र में ऐसा विशिष्ट और भव्य मंदिर और कहीं नहीं होने के कारण यहां हर साल भारी भीड़ उमड़ती है।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट










