हर बारिश में घरों में घुसता जोरिया का पानी, वर्षों से बरसात में कैद जैसी जिंदगी जीने को मजबूर लोग
चास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 26 स्थित प्रभात कॉलोनी तेल पट्टी में विकास के दावों की तस्वीर हर बारिश के साथ पानी में बहती नजर आती है। यहां जोरिया का पानी बारिश होते ही लोगों के घरों तक पहुंच जाता है।

चास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 26 स्थित प्रभात कॉलोनी तेल पट्टी में विकास के दावों की तस्वीर हर बारिश के साथ पानी में बहती नजर आती है। यहां जोरिया का पानी बारिश होते ही लोगों के घरों तक पहुंच जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या वर्षों पुरानी है, लेकिन आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया।
बारिश के दिनों में स्थिति इतनी भयावह हो जाती है कि इलाके के लोग करीब दो से तीन महीने तक अपने ही घरों में कैद होकर रह जाते हैं। बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है और रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह प्रभावित होती है।
समस्या सिर्फ जलजमाव तक सीमित नहीं है। इलाके में बिजली के तार अस्थायी सहारे के भरोसे टंगे हुए हैं। स्थानीय लोगों को डर है कि अगर ये सहारे गिर गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं, मोहल्ले तक पहुंचने वाली सड़क आज भी कच्ची है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल वे आपस में चंदा जुटाकर सड़क पर बालू और मिट्टी का भराव कराते हैं। लोगों का आरोप है कि नगर निगम समय पर होल्डिंग टैक्स तो वसूलता है, लेकिन बुनियादी समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही।
स्थानीय लोग जनप्रतिनिधियों से भी नाराज हैं। उनका कहना है कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने आते हैं और बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद वर्षों पुरानी समस्याएं जस की तस रह जाती हैं। अब प्रभात कॉलोनी के लोगों की मांग है कि जलनिकासी, सड़क और बिजली व्यवस्था की समस्या का जल्द स्थायी समाधान किया जाए।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट










