बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी, दो पिस्टल व छह जिंदा कारतूस के साथ दो अपराधी गिरफ्तार
सहरसा। सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को दो पिस्टल और छह जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी गुरुवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह ने दी।

एसडीपीओ ने बताया कि सदर अस्पताल चौकी प्रभारी गुंजन कुमार को सूचना मिली थी कि रोहित कुमार अपने एक साथी के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटा है। सूचना के आधार पर सदर थानाध्यक्ष अजय पासवान और अस्पताल चौकी प्रभारी गुंजन कुमार पुलिस बल के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचे और छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान दो पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार उर्फ हन्नी चौधरी और उत्कर्ष राज के रूप में हुई है। दोनों सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही हथियार रखने और किसी आपराधिक घटना की योजना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट